योगी वेतनभोगी हैं —शंकराचार्य अभिमुक्तेश्वरानंद का सीएम योगी पर तंज
-
बस्ती। शंकराचार्य अभिमुक्तेश्वरानंद सोमवार को जीआईसी ग्राउंड में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे, जहां उन्होंने मंच से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला।
अपने संबोधन में शंकराचार्य ने कहा कि “योगी कभी भोगी नहीं हो सकता, लेकिन यदि कोई सरकारी वेतन ले रहा है तो वह वेतनभोगी है।” उन्होंने आरोप लगाया कि जब से योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने हैं, तब से राज्य में करोड़ों पशुओं की हत्या हुई है। इस संबंध में उन्होंने एपीडा (APEDA) के आंकड़ों का हवाला दिया।
उन्होंने आगे कहा कि यदि राज्य सरकार पशु हत्या के लिए लाइसेंस जारी कर रही है, तो यह योगी की परिभाषा के विपरीत है। उनके अनुसार, “व्यापार इच्छा से होता है, अगर सरकार चाहे तो इस तरह के व्यापार को बंद कर सकती है, लेकिन सरकार खुद इससे राजस्व अर्जित कर रही है।”
शंकराचार्य अभिमुक्तेश्वरानंद ने धार्मिक और राजनीतिक पदों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि योगी बनने के बाद सांसारिक पद जैसे मुख्यमंत्री का दायित्व निभाना नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने सुझाव दिया कि एक व्यक्ति को एक ही पद चुनना चाहिए—या तो धार्मिक या फिर राजनीतिक।
अपने बयान में उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि यह परंपरा जारी रही तो भविष्य में सन्यास लेने वाले लोग भी राजनीति और व्यापार की ओर आकर्षित हो सकते हैं, जो समाज के लिए उचित नहीं होगा।
