Movie prime

पीसीएस 2024 का अंतिम परिणाम घोषित: नेहा पांचाल टॉपर, टॉप-7 में 6 बेटियां शामिल

 
pcs
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने रविवार आधी रात सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2024 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया। 947 पदों के सापेक्ष 932 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इस परीक्षा में नेहा पांचाल ने टॉप कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि उत्तर प्रदेश की अनन्या त्रिवेदी दूसरे स्थान पर रहीं।

इस बार के परिणाम की खास बात यह रही कि शीर्ष सात अभ्यर्थियों में छह बेटियां शामिल हैं। तीसरे स्थान पर अभय प्रताप सिंह, चौथे पर अनामिका मिश्रा, पांचवें पर नेहा सिंह, छठे पर दीप्ति वर्मा और सातवें पर पूजा तिवारी रहीं। वहीं, आठवें स्थान पर अनुराग पांडे, नवें पर शुभम सिंह और दसवें स्थान पर आयूष पांडे का चयन हुआ है।

आयोग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्य परीक्षा का परिणाम 4 फरवरी 2026 को जारी किया गया था, जिसमें 2719 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया था। हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में दो अन्य अभ्यर्थियों को भी साक्षात्कार के लिए औपबंधिक रूप से शामिल किया गया।

साक्षात्कार प्रक्रिया 26 फरवरी से 23 मार्च 2026 तक चली, जिसमें 21 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। साक्षात्कार समाप्त होने के मात्र पांच दिन बाद ही अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया।

इस भर्ती के तहत कुल 24 प्रकार के पदों और सेवाओं के लिए चयन किया गया है। हालांकि, व्यवस्थाधिकारी के एक और व्यवस्थापक के 14 पद उपयुक्त अभ्यर्थी न मिलने के कारण खाली रह गए।

आयोग के सचिव अशोक कुमार ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के नाम के आगे ‘प्रोविजनल’ अंकित है, उन्हें निर्धारित तिथि तक आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे, अन्यथा उनका चयन निरस्त कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और श्रेणीवार व पदवार कटऑफ अंक जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।