{"vars":{"id": "130921:5012"}}

डॉलर चढ़ा, रुपया गिरा… चांदी बनी निवेशकों की पहली पसंद, 8,000 की तूफानी छलांग!

 

Mumbai : कमोडिटी बाजार में शुक्रवार को चांदी की कीमतों में तूफानी तेजी देखी गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी एक झटके में करीब 8 हजार रुपये महंगी हो गई। दोपहर करीब 1:30 बजे 5 मार्च 2026 की एक्सपायरी वाली सिल्वर वायदा 2,67,100 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी। चांदी ने कारोबारी दिन की शुरुआत 2,67,500 रुपये से की थी और इसमें 2.86 प्रतिशत या 7,431 रुपये की तेजी दर्ज की गई।

अमेरिका-ईरान विवाद से अनिश्चितता, चांदी को सपोर्ट

जिनेवा में अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु मुद्दे पर हुई बातचीत का कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। मध्यस्थता कर रहे ओमान ने दोनों देशों की बातचीत को सकारात्मक बताया, लेकिन कई घंटों की चर्चा के बाद भी कोई समझौता नहीं हो सका। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को न्यूक्लियर डील के लिए 10-15 दिन का अल्टीमेटम दिया है और नहीं मानने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। इस बीच अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन और 3 युद्धपोत मिडिल ईस्ट पहुंच चुके हैं। गुरुवार को रूस और ईरान के बीच भी मिलिट्री डील हुई। इन सबके चलते वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है, जिससे निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।

चांदी की कीमतों में तेजी की वजहें

विशेषज्ञों का कहना है कि भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिकी व्यापार नीति को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच निवेशक सोना और चांदी जैसे सुरक्षित एसेट्स की ओर बढ़ रहे हैं। चांदी अब 2,75,000 रुपये के रेजिस्टेंस लेवल की ओर बढ़ रही है। वैश्विक स्तर पर अमेरिकी डॉलर भी तीन हफ्ते के ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है, जिसका असर भारतीय रुपये पर भी पड़ा है। रुपये की कमजोरी ने भी चांदी की कीमतों को और समर्थन दिया है।

बाजार का ताजा हाल 

- MCX पर चांदी (5 मार्च 2026 एक्सपायरी) : 2,67,100 रुपये प्रति किलो (2.86% या 7,431 रुपये की बढ़त)  

- ब्रेंट क्रूड तेल : 0.14% गिरकर 70.67 डॉलर प्रति बैरल पर