{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अपने नाम की SIM किसी और को दी तो फंस सकते हैं आप! DoT की सख्त चेतावनी, 50 लाख तक जुर्माना

दूरसंचार विभाग ने फर्जी SIM जारी करने, अपने नाम की SIM दूसरे को देने और IMEI नंबर से छेड़छाड़ को लेकर चेतावनी दी है। ऐसे मामलों में तीन साल तक जेल और 50 लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है। जानिए SIM के गलत इस्तेमाल और मोबाइल कनेक्शन से जुड़े नियम।

 

DoT Warning Fake SIM: अगर आपके नाम पर जारी मोबाइल SIM कार्ड का इस्तेमाल किसी गैरकानूनी गतिविधि में होता है तो मुश्किल सिर्फ उसे इस्तेमाल करने वाले की नहीं, बल्कि SIM के मूल धारक की भी बढ़ सकती है। दूरसंचार विभाग (DoT) ने फर्जी तरीके से SIM जारी करने, दूरसंचार पहचान संख्या के दुरुपयोग और IMEI नंबर से छेड़छाड़ को लेकर लोगों को सख्त चेतावनी दी है। विभाग के मुताबिक, ऐसे मामलों में तीन साल तक की जेल और 50 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।

बिना जानकारी के जारी कर दिए 25 मोबाइल कनेक्शन

DoT की यह चेतावनी मध्य प्रदेश लाइसेंस सेवा क्षेत्र में सामने आए एक मामले के बाद जारी की गई है। जांच में पता चला कि छत्तीसगढ़ में एक प्वाइंट ऑफ सेल (PoS) एजेंट ने कुछ नागरिकों के दस्तावेजों का उनकी जानकारी के बिना इस्तेमाल कर 25 मोबाइल कनेक्शन जारी कर दिए।

मामला सामने आने के बाद दूरसंचार विभाग और संबंधित टेलीकॉम कंपनियों ने कार्रवाई करते हुए PoS एजेंट को ब्लैकलिस्ट कर दिया। उसके जरिए नए SIM जारी करने पर भी रोक लगा दी गई।

जारी किए गए 25 मोबाइल नंबरों की डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म के जरिए जांच की गई। संदिग्ध नंबरों का दोबारा सत्यापन कराया गया और जिन नंबरों का सत्यापन नहीं हो सका, उन्हें बंद कर दिया गया।

अपने नाम की SIM दूसरे को देना पड़ सकता है भारी

DoT ने मोबाइल ग्राहकों को भी सावधान किया है। विभाग के मुताबिक, अपने नाम पर जारी SIM कार्ड किसी दूसरे व्यक्ति को देना या उसे बेच देना जोखिम भरा हो सकता है। यदि उस नंबर का इस्तेमाल किसी गैरकानूनी गतिविधि में किया जाता है तो मूल ग्राहक भी कानूनी कार्रवाई की जद में आ सकता है।

इसलिए ग्राहकों को समय-समय पर यह जांचते रहना चाहिए कि उनके नाम पर कितने मोबाइल कनेक्शन सक्रिय हैं। इसके लिए सरकार के संचार साथी पोर्टल की मदद ली जा सकती है।

IMEI नंबर से छेड़छाड़ भी अपराध

दूरसंचार विभाग ने मोबाइल फोन के IMEI नंबर को लेकर भी चेतावनी दी है। IMEI यानी International Mobile Equipment Identity मोबाइल डिवाइस की पहचान से जुड़ी महत्वपूर्ण संख्या होती है। इसमें छेड़छाड़ करना या बदला हुआ IMEI इस्तेमाल करना दंडनीय अपराध है।

विभाग के अनुसार, दूरसंचार अधिनियम, 2023 के तहत ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। DoT ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नाम पर जारी SIM और मोबाइल कनेक्शन की जानकारी की जांच करते रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल संबंधित विभाग को इसकी जानकारी दें।