सोना-चांदी में भारी गिरावट: चांदी ₹15,000 प्रति किलो सस्ती, जानें कितनी कम हुई सोने कि कीमत?
नई दिल्ली I कीमती धातुओं में गुरुवार को जबरदस्त गिरावट देखने को मिली है। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) और बाजार सूत्रों के अनुसार, चांदी में करीब 5% या ₹15,000 प्रति किलो की भारी कमी आई है। चांदी सुबह ₹3,03,584 प्रति किलो पर खुली, जबकि कल यह ₹3,19,097 पर बंद हुई थी। कारोबार के दौरान चांदी ने ₹3,20,075 का ऑल टाइम हाई भी छुआ था।
सोने में भी गिरावट दर्ज की गई है। सोना ₹2,728 गिरकर ₹1,51,499 प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। एक दिन पहले सोने ने ₹1,55,204 का हाई बनाया था और ₹1,54,277 पर बंद हुआ था। MCX पर भी सोना और चांदी में प्रॉफिट बुकिंग के कारण गिरावट देखी गई, जहां सोना ₹3,000+ और चांदी ₹7,000+ तक टूट चुकी है।
सोना-चांदी सस्ते होने की तीन प्रमुख वजहें:
1. पिछले दिनों आई रिकॉर्ड तेजी के बाद निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली (प्रॉफिट बुकिंग)।
2. शेयर बाजार में तेजी आने से सुरक्षित निवेश के रूप में सोना-चांदी की मांग घटी।
3. जियोपॉलिटिकल तनाव (जैसे ग्रीनलैंड संबंधी मुद्दों) में कमी से सुरक्षित आश्रय की मांग कम हुई।
निवेशकों के लिए सलाह
एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर आप नई खरीदारी या निवेश की योजना बना रहे हैं, तो थोड़ा इंतजार करें। अभी मुनाफावसूली का दौर जारी है, जिससे कीमतों में और गिरावट संभव है। जिन्होंने ऊंचे भाव पर चांदी खरीदी है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं—लंबी अवधि के लिए होल्ड करें, क्योंकि फंडामेंटल्स मजबूत बने हुए हैं।
2025 में जबरदस्त उछाल
साल 2025 में सोना 75% महंगा हुआ—31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना ₹76,162 था, जो 31 दिसंबर 2025 को ₹1,33,195 पहुंच गया (₹57,033 की बढ़ोतरी)। चांदी में 167% का उछाल आया—एक किलो चांदी 2024 के अंत में ₹86,017 थी, जो 2025 के अंत में ₹2,30,420 हो गई।