{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Gold Silver Price Today: सोना-चांदी अचानक हुए सस्ते, क्या अब खरीदारी का सही मौका? जानें 14 अगस्त के ताजा भाव

14 अगस्त 2026 को MCX पर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई। सोना 0.69 फीसदी और चांदी 0.85 फीसदी तक फिसली। जानिए दिल्ली, मुंबई, वाराणसी समेत प्रमुख शहरों में 24 कैरेट, 22 कैरेट सोने और 999 शुद्ध चांदी का आज का भाव, गिरावट की वजह और आगे के अहम स्तर।

 

Gold Silver Price Today: शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट देखने को मिली। MCX पर सोने का भाव करीब 0.69 फीसदी और चांदी 0.85 फीसदी तक नीचे आ गई। महंगाई के लंबे समय तक ऊंचे बने रहने की आशंका और मौद्रिक नीति के सख्त रहने की उम्मीदों ने बुलियन मार्केट पर दबाव बनाया।

सुबह करीब 9:15 बजे MCX पर अक्टूबर डिलीवरी वाला सोना 0.69 फीसदी गिरकर 1,52,406 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं, सितंबर डिलीवरी की चांदी 0.85 फीसदी टूटकर 2,33,455 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

इससे पहले के कारोबारी सत्र में सोना दो महीने से ज्यादा के उच्चतम स्तर पर पहुंचा था। ऐसे में ऊंचे स्तरों पर निवेशकों की ओर से मुनाफावसूली ने भी कीमतों पर दबाव बढ़ाया।

आज किस शहर में कितना है सोने-चांदी का भाव?

14 अगस्त को देश के प्रमुख शहरों में सोने और चांदी की कीमतें इस प्रकार हैं:

शहर 24 कैरेट सोना (₹/10 ग्राम) 22 कैरेट सोना (₹/10 ग्राम) 999 शुद्ध चांदी (₹/किलो)
नई दिल्ली ₹1,52,100 ₹1,39,425 ₹2,33,360
मुंबई ₹1,52,360 ₹1,39,663 ₹2,33,770
बेंगलुरु ₹1,52,480 ₹1,36,950 ₹2,33,950
कोलकाता ₹1,52,160 ₹1,39,480 ₹2,33,460
हैदराबाद ₹1,52,600 ₹1,39,883 ₹2,34,140
चेन्नई ₹1,52,880 ₹1,40,140 ₹2,34,450

वाराणसी में क्या है ताजा भाव?

वाराणसी में 14 अगस्त 2026 को सोने के भाव में भी गिरावट दर्ज की गई है। India Today के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, वाराणसी में 24 कैरेट सोना ₹1,53,740 प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना ₹1,40,940 प्रति 10 ग्राम पर था। 24 कैरेट सोने में पिछले दिन के मुकाबले ₹1,280 और 22 कैरेट में ₹1,170 प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई।

24 और 22 कैरेट सोने में क्या अंतर है?

खुदरा बाजार में मुख्य रूप से 24 कैरेट और 22 कैरेट सोना खरीदा जाता है। 24 कैरेट को सबसे शुद्ध सोना माना जाता है, जबकि 22 कैरेट सोने में अन्य धातुएं मिलाई जाती हैं। यही वजह है कि आभूषण बनाने में आमतौर पर 22 कैरेट सोने का इस्तेमाल ज्यादा होता है, क्योंकि यह अपेक्षाकृत मजबूत होता है।

महंगाई के आंकड़ों का सोने पर दिखा असर

LKP Securities के कमोडिटी और करेंसी रिसर्च एनालिस्ट एवं VP जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, सोने की कीमतों में गिरावट के पीछे कई कारण रहे। COMEX Gold करीब 25 डॉलर फिसलकर 4,385 डॉलर प्रति औंस के आसपास आ गया।

अमेरिका का CPI यानी महंगाई का आंकड़ा 3.4 फीसदी रहा, जो बाजार की उम्मीदों के काफी करीब था। ऐसे में हाल की तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की। कम महंगाई के आंकड़ों का असर पहले ही सोने की कीमतों में काफी हद तक शामिल हो चुका था। अब बाजार की नजर अमेरिकी डॉलर, कच्चे तेल की कीमतों और फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर आने वाले संकेतों पर रहेगी।

सोने में आगे कौन से स्तर अहम?

तकनीकी स्तरों की बात करें तो 1,52,000 से 1,52,500 रुपये का स्तर सोने के लिए सपोर्ट जोन माना जा रहा है। वहीं 1,55,500 से 1,56,000 रुपये का स्तर तत्काल रेजिस्टेंस एरिया है। आने वाले कारोबारी सत्रों में इन स्तरों के आसपास सोने की चाल पर बाजार की नजर रहेगी।