{"vars":{"id": "130921:5012"}}

50 साल पुरानी याद फिर ताजा! भारत में लौट आई Gold Spot, अब नए कैन में ऑनलाइन मिलेगी ऑरेंज ड्रिंक

भारत की पुरानी पसंदीदा ऑरेंज ड्रिंक Gold Spot एक बार फिर बाजार में लौट आई है। Coca-Cola ने इसे नए कैन पैक में पेश किया है। 'द जिंग थिंग' के नाम से मशहूर यह ड्रिंक अब Blinkit, Zepto, Swiggy Instamart समेत क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी।

 

बचपन में ऑरेंज फ्लेवर वाली Gold Spot पीने वालों के लिए अच्छी खबर है। भारत की चर्चित सॉफ्ट ड्रिंक Gold Spot एक बार फिर बाजार में लौट आई है। Coca-Cola ने इस पुराने ब्रांड को नए कैन पैक में दोबारा पेश किया है। 'द जिंग थिंग' के नाम से पहचान बनाने वाली यह ड्रिंक अब क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए भी खरीदी जा सकेगी। कंपनी ने इसकी वापसी के साथ पुराने स्वाद और यादों को फिर से ताजा करने की कोशिश की है।

नए कैन में लौटी Gold Spot

Gold Spot को नए कैन फॉर्मेट में बाजार में उतारा गया है। कंपनी के मुताबिक, इसमें वही खास खट्टा-मीठा ऑरेंज फ्लेवर बरकरार रखा गया है, जिसके लिए यह ड्रिंक पहले लोकप्रिय थी। इस बार इसे कम शुगर वाले पेय के रूप में पेश किया गया है।

Gold Spot की शुरुआत भारत में 1952 में हुई थी। स्कूल की कैंटीन, जन्मदिन की पार्टियों और दोस्तों के साथ मिलने-जुलने के मौकों पर यह ड्रिंक कई लोगों की पसंद रही। 1980 के दशक के मध्य में ब्रांड ने 'द जिंग थिंग' स्लोगन के साथ अपनी पहचान बनाई थी।

Blinkit समेत इन प्लेटफॉर्म पर मिलेगी Gold Spot

Gold Spot की वापसी के लिए कंपनी ने क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर बिक्री को प्राथमिकता दी है। इसे Blinkit, Swiggy Instamart, Zepto, Flipkart Minutes और Amazon Now जैसे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल के जरिए कंपनी पुराने ग्राहकों के साथ नई पीढ़ी तक भी ब्रांड पहुंचाना चाहती है।

1993 में Coca-Cola के पोर्टफोलियो में शामिल हुई थी Gold Spot

Gold Spot वर्ष 1993 में Coca-Cola कंपनी के पोर्टफोलियो का हिस्सा बनी थी। कंपनी का कहना है कि ब्रांड के साथ लोगों का पुराना जुड़ाव इसकी वापसी को खास बनाता है। अब नए कैन फॉर्मेट और ऑनलाइन उपलब्धता के जरिए Gold Spot अपनी पहचान को फिर से बाजार में मजबूत करने की कोशिश करेगी।