{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पीएफ वालों के लिए खुशखबरी: बढ़ेगी पेंशन, ATM से पैसा निकालना होगा आसान!

कर्मचारी भविष्य निधि से जुड़े लोगों के लिए राहत की खबर है। सरकार न्यूनतम पेंशन बढ़ाने पर विचार कर रही है, वहीं पीएफ से एटीएम के जरिए निकासी की सुविधा भी जल्द शुरू हो सकती है। इससे करोड़ों खाताधारकों को पैसा निकालना आसान और तेज होगा।

 

EPFO Pension Increase: EPFO (ईपीएफओ) से जुड़े करोड़ों खाताधारकों के लिए जल्द ही बड़ी राहत भरी खबर आ सकती है। सरकार पेंशन में बढ़ोतरी से लेकर निकासी प्रक्रिया को आसान बनाने तक कई अहम बदलावों पर विचार कर रही है, जिससे कर्मचारियों को सीधा फायदा मिल सकता है।

न्यूनतम पेंशन में भारी बढ़ोतरी पर मंथन

सरकार Employees' Pension Scheme के तहत मिलने वाली न्यूनतम पेंशन में बड़ा इजाफा करने पर विचार कर रही है। सूत्रों के अनुसार, वर्तमान में मिल रही 1000 रुपये मासिक पेंशन को बढ़ाकर 7500 रुपये तक किया जा सकता है। इस मांग को लेकर श्रमिक संगठनों की ओर से लंबे समय से दबाव बनाया जा रहा है, वहीं एक संसदीय समिति भी इस दिशा में सिफारिश कर चुकी है। अब अंतिम निर्णय का इंतजार है।

ब्याज दर और निकासी को लेकर भी राहत संभव

ईपीएफओ खातों पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दर देने का प्रस्ताव भी विचाराधीन है, जिसे वित्त मंत्रालय की मंजूरी मिलना बाकी है। मंजूरी मिलने के बाद यह ब्याज सीधे खाताधारकों के खाते में जमा किया जाएगा।

इसके साथ ही, पीएफ राशि को एटीएम के माध्यम से निकालने की सुविधा शुरू करने की योजना पर भी काम चल रहा है, जिससे पैसे तक पहुंच और आसान व तेज हो जाएगी।

रिकॉर्ड स्तर पर निपटाए गए दावे

वित्त वर्ष 2025-26 में ईपीएफओ ने 8.31 करोड़ दावों का निपटारा किया, जो पिछले वर्ष के 6.01 करोड़ दावों से काफी अधिक है। इनमें से 5.51 करोड़ दावे आंशिक निकासी से जुड़े थे, जो यह दर्शाता है कि खाताधारक इस सुविधा का तेजी से उपयोग कर रहे हैं। प्रक्रिया को तेज बनाने के लिए स्वचालन का उपयोग बढ़ाया गया है, जिससे 71.11 प्रतिशत दावे तीन दिन के भीतर निपटाए गए।

डिजिटल पहल से आसान हुई प्रक्रिया

ईपीएफओ की डिजिटल पहल से प्रक्रियाएं काफी सरल हो गई हैं। करीब 6.68 करोड़ दावे बिना चेक अपलोड किए निपटाए गए, जबकि 1.59 करोड़ खाते सीधे बैंक से जोड़े गए। इसके अलावा, लाखों खाताधारकों ने स्वयं अपने विवरण अपडेट किए और ट्रांसफर से जुड़े दावों का भी तेजी से निपटारा हुआ।

नया ई-प्राप्ति मंच लॉन्च

ईपीएफओ ने निष्क्रिय खातों को सक्रिय करने के लिए नया मंच ई-प्राप्ति शुरू किया है। इस सुविधा के जरिए उपयोगकर्ता आधार के माध्यम से पुराने खातों को आसानी से जोड़ सकते हैं। भविष्य में इस सुविधा को उन लोगों तक भी बढ़ाने की योजना है, जिनके पास सदस्य पहचान संख्या नहीं है।