GST Reform : मारुति से लेकर टाटा तक कई कारों की कीमतों में 12% तक गिरावट, जानें ऑटो सेक्टर को कैसे मिलेगा फायदा
GST Reform : भारत सरकार ने जीएसटी ढांचे (GST Reform) में बड़ा सुधार करते हुए ऑटोमोबाइल सेक्टर को राहत दी है। अब छोटी और मिड-साइज कारों पर जीएसटी घटाकर 18% कर दिया गया है, जबकि बड़ी SUVs और लग्जरी कारों पर 40% टैक्स लगेगा। खास बात यह है कि पहले लगने वाला सेस (उपकर) पूरी तरह हटा दिया गया है।
GST Reform : सबसे ज्यादा फायदा छोटी कारों को
पहले 4 मीटर से कम लंबाई वाली और छोटे इंजन वाली कारों पर कुल टैक्स 29-31% तक लगता था, जो अब घटकर सिर्फ 18% रह गया है। इसका सीधा असर कारों की कीमत पर पड़ेगा। अनुमान है कि छोटी कारों के दाम 12-12.5% तक कम हो जाएंगे। उदाहरण: 5 लाख रुपये की कार अब करीब 4.38 लाख रुपये में खरीदी जा सकेगी।
कौन सी कारें होंगी सस्ती?
- मारुति सुजुकी ऑल्टो K10 – करीब 42,000 रुपये सस्ती (4.23 लाख से घटकर 3.81 लाख रुपये)।
- मारुति सुजुकी स्विफ्ट और डिजायर – कीमत में लगभग 60,000 रुपये तक कमी।
- हुंडई ग्रैंड i10 – करीब 47,000 रुपये सस्ती (5.98 लाख से घटकर 5.51 लाख रुपये)।
- मारुति सुजुकी एस-प्रेसो – करीब 43,000 रुपये सस्ती (4.26 लाख से घटकर 3.83 लाख रुपये)।
- टाटा टियागो – करीब 50,000 रुपये की कटौती (5.65 लाख से घटकर 5.15 लाख रुपये)।
- रेनो क्विड – लगभग 40,000 रुपये सस्ती।
- टाटा नेक्सन (SUV) – 80,000 रुपये तक की कमी।
SUVs और लग्जरी कारों पर भी राहत
बड़ी गाड़ियों और SUVs पर अब 40% जीएसटी लगेगा। पहले इन पर 45-50% तक टैक्स वसूला जाता था।
- हुंडई क्रेटा – कीमत में लगभग 3% की कमी।
- महिंद्रा थार – पहले 45-50% टैक्स लगता था, अब सिर्फ 40%, यानी कीमत में बड़ा फर्क।
- महिंद्रा स्कॉर्पियो और टोयोटा इनोवा क्रिस्टा – अब 40% जीएसटी लगेगा, पहले 50% था।
क्या होगा असर?
- एंट्री-लेवल कारें पहले से काफी किफायती हो जाएंगी।
- SUVs और लग्जरी कारों की कीमतों में भी कुछ कमी जरूर आएगी, हालांकि उतनी नहीं जितनी छोटी कारों में होगी।
- इसका सबसे बड़ा फायदा उन ग्राहकों को होगा जो बजट सेगमेंट में गाड़ियां खरीदते हैं।