Hyundai Cars Price Hike: सितंबर से महंगी होंगी Creta, Venue और Exter, Hyundai ने बताई वजह
Hyundai Cars Price Hike: Hyundai Motor India अपनी कारों की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी करने की तैयारी में है। कंपनी सितंबर 2026 से अपने अलग-अलग मॉडल और वैरिएंट की कीमतों में करीब 1 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर सकती है। ऐसे में Creta, Venue, Exter, i20, Aura और Alcazar समेत Hyundai की कई लोकप्रिय कारें अगले महीने से महंगी हो सकती हैं।
कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजारों को दी जानकारी में बताया कि बढ़ती इनपुट और कमोडिटी लागत, ऑपरेशनल खर्च में इजाफे के साथ-साथ लगातार बनी हुई भू-राजनीतिक और व्यापक आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण कीमतों में संशोधन का फैसला लिया गया है।
मॉडल और वैरिएंट के हिसाब से बढ़ेंगे दाम
Hyundai Motor India के मुताबिक, कीमतों में बढ़ोतरी सभी गाड़ियों पर एक समान नहीं होगी। अलग-अलग मॉडल और उनके वैरिएंट के आधार पर कीमतों में अलग-अलग बदलाव किया जाएगा। कंपनी का कहना है कि बढ़ती लागत का अधिकतर हिस्सा वह खुद वहन करने की कोशिश कर रही है, ताकि ग्राहकों पर अतिरिक्त बोझ को सीमित रखा जा सके।
फिलहाल Hyundai के भारतीय पोर्टफोलियो में Grand i10 Nios से लेकर इलेक्ट्रिक SUV Ioniq 5 तक कई मॉडल शामिल हैं। इनकी कीमतें करीब 5.6 लाख रुपये से 55.7 लाख रुपये के बीच हैं। Creta, Creta Electric, Venue, Exter, i20, Verna, Aura और Alcazar कंपनी के प्रमुख मॉडल हैं।
2026 में तीसरी बार बढ़ सकती हैं कारों की कीमतें
Hyundai इस साल पहले ही दो बार कीमतों में बढ़ोतरी कर चुकी है। जनवरी 2026 में कंपनी ने कारों की कीमतों में 0.6 प्रतिशत की वृद्धि की थी। इसके बाद जून में भी कीमतों में 12,800 रुपये तक का इजाफा किया गया था। अगर सितंबर में प्रस्तावित बढ़ोतरी लागू होती है तो यह 2026 में Hyundai की ओर से कीमतों में तीसरी वृद्धि होगी।
एक्सपोर्ट में भी आई गिरावट
Hyundai Motor India के लिए वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही भी चुनौतीपूर्ण रही। इस दौरान कंपनी के एक्सपोर्ट में सालाना आधार पर करीब 20 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। पश्चिम एशिया में बने खराब हालात और कंपनी के सप्लायर Mobis की फैक्ट्री में आग लगने के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ था।