Jaguar Land Rover ने दामों में की भारी कटौती, 30.4 लाख तक सस्ती हुई गाड़ियां
Sep 9, 2025, 17:39 IST
New Delhi : लक्ज़री गाड़ियों की चाह रखने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। जगुआर लैंड रोवर (Jaguar Land Rover) ने जीएसटी दरों में कमी का फायदा सीधे ग्राहकों को देने का ऐलान किया है। इसके तहत कंपनी ने अपनी कारों की कीमतों में 4.5 लाख रुपये से लेकर 30.4 लाख रुपये तक की भारी कटौती की है। ये नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
Jaguar Land Rover ने कहा कि रेंज रोवर, डिफेंडर और डिस्कवरी ब्रांड के पूरे पोर्टफोलियो में यह कटौती लागू की गई है। इससे लक्ज़री कार खरीदने की सोच रहे ग्राहकों को बड़ी राहत मिलेगी।
वोल्वो कार इंडिया ने भी एक बयान में कहा है कि वह 22 सितंबर से अपने ICE (Internal Combustion Engine) पोर्टफोलियो में शामिल गाड़ियों की कीमतों में 6.9 लाख रुपये तक की कटौती करेगी।
Jaguar Land Rover इंडिया के प्रबंध निदेशक राजन अंबा ने कहा कि लक्ज़री वाहनों पर जीएसटी दर को तर्कसंगत बनाना ग्राहकों और उद्योग दोनों के लिए स्वागत योग्य कदम है। यह निर्णय बहुप्रतीक्षित प्रोत्साहन प्रदान करेगा और भारत के लक्ज़री वाहन बाजार के प्रति हमारे विश्वास और प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।