{"vars":{"id": "130921:5012"}}

1 मई से बदल सकते हैं LPG सिलेंडर के नियम, जानिए क्या हो सकता है बदलाव

 
देश की प्रमुख गैस कंपनियां Indane, Bharat Gas और HP Gas नए नियमों पर विचार कर रही हैं। अगर ये बदलाव लागू होते हैं, तो गैस सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी की प्रक्रिया में बड़ा परिवर्तन देखने को मिल सकता है।

हर महीने बदल सकते हैं गैस के दाम

जानकारी के अनुसार 1 मई 2026 से गैस सिलेंडर की कीमतों और नीतियों में बदलाव संभव है। हर महीने की पहली तारीख को LPG के दाम अपडेट किए जा सकते हैं।

इसके अलावा सिलेंडर बुकिंग के बीच न्यूनतम समय सीमा बढ़ाने पर भी चर्चा चल रही है। नए नियम लागू होने पर एक सिलेंडर बुक करने के बाद अगले बुकिंग के लिए 25 दिन का इंतजार करना पड़ सकता है।

OTP के बिना नहीं मिलेगी डिलीवरी

नई व्यवस्था के तहत OTP आधारित डिलीवरी सिस्टम को स्थायी रूप से लागू किया जा सकता है।

इसके अनुसार, सिलेंडर डिलीवरी के लिए निकलते ही ग्राहक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP भेजा जाएगा। डिलीवरी बॉय को वही OTP बताने पर गैस सिलेंडर मिलेगा। OTP नहीं बताने पर डिलीवरी रोकी जा सकती है।

सरकार का मानना है कि इससे फर्जी डिलीवरी और गैस चोरी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

अमेरिका समेत कई देशों से खरीद रहा भारत LPG

कच्चे तेल और गैस सप्लाई में अनिश्चितता के बीच भारत अब खाड़ी देशों के अलावा कई नए देशों से LPG खरीद रहा है।

पहले भारत अपनी करीब 90% LPG जरूरत सऊदी अरब, कतर और यूएई जैसे देशों से पूरी करता था।

अब भारत अमेरिका, नॉर्वे, कनाडा, अल्जीरिया और रूस से भी कुकिंग गैस खरीद रहा है।

स्पॉट खरीदारी पर सरकार का जोर

सरकार के मुताबिक भारत करीब 8 लाख टन LPG आयात कर चुका है। हाल ही में होर्मुज मार्ग पार करके पहुंचे 10 जहाजों में से 9 जहाज कुकिंग गैस लेकर भारत पहुंचे।

सरकार फिलहाल “स्पॉट खरीदारी” यानी जरूरत के हिसाब से तुरंत बाजार से गैस खरीदने की रणनीति पर काम कर रही है, ताकि सप्लाई में कमी का असर आम लोगों पर न पड़े।