{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मेटा ने कुणाल शाह को बनाया WhatsApp का नया ग्लोबल हेड, Meta-CRED डील के बाद बड़ा ऐलान
 

 

नई दिल्ली। फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सएप की पैरेंट कंपनी मेटा ने बड़ा नेतृत्व परिवर्तन करते हुए CRED के संस्थापक कुणाल शाह को वॉट्सएप का नया ग्लोबल हेड नियुक्त किया है। वह पिछले सात वर्षों से इस पद पर कार्यरत विल कैथकार्ट की जगह लेंगे। कैथकार्ट अब मेटा के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े नए प्रोजेक्ट्स पर काम करेंगे।

मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग ने सोमवार को इस फैसले की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह नियुक्ति उस रणनीतिक समझौते का हिस्सा है, जिसके तहत मेटा CRED में करीब 8,550 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस निवेश के बदले मेटा को कंपनी में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी मिलेगी। डील के बाद CRED की कुल वैल्यूएशन बढ़कर 43,239 करोड़ रुपये हो जाएगी।

WhatsApp में AI और कमाई बढ़ाने पर रहेगा फोकस

मेटा के अनुसार, कुणाल शाह के नेतृत्व में वॉट्सएप दो प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करेगा। पहला, प्लेटफॉर्म से राजस्व बढ़ाने के लिए विज्ञापनों और प्रीमियम सब्सक्रिप्शन फीचर्स को बढ़ावा देना। दूसरा, यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न AI एजेंट्स और चैटबॉट्स को वॉट्सएप में शामिल करना।

CRED के अंतरिम CEO बने मितेन संपत

वॉट्सएप की जिम्मेदारी संभालने के लिए कुणाल शाह CRED में अपने मौजूदा ऑपरेटिंग पद से इस्तीफा देंगे और मेटा का हिस्सा बन जाएंगे। कंपनी ने फिलहाल मितेन संपत को अंतरिम CEO नियुक्त किया है। मितेन संपत वर्ष 2020 से CRED में स्ट्रेटजी और फाइनेंस विभाग का नेतृत्व कर रहे हैं।

कंपनी प्रबंधन के मुताबिक, CRED दीर्घकालिक नेतृत्व संरचना तैयार कर रही है और आने वाले समय में IPO लाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

फेसबुक, इंस्टाग्राम और WhatsApp के 'प्लस' वर्जन भी आएंगे

मेटा ने हाल ही में इंस्टाग्राम, फेसबुक और वॉट्सएप के लिए नए सब्सक्रिप्शन प्लान पेश किए हैं। इन ‘प्लस’ वर्जन के तहत यूजर्स को विशेष टूल्स, अतिरिक्त सुविधाएं और कस्टमाइजेशन के विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे।

CRED यूजर्स का डेटा रहेगा सुरक्षित

मेटा ने स्पष्ट किया है कि CRED में हिस्सेदारी लेने के बावजूद उसे ग्राहकों की निजी या वित्तीय जानकारी तक पहुंच नहीं मिलेगी। कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि यूजर्स का डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहेगा और गोपनीयता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

कुणाल शाह ने कहा कि CRED की शुरुआत अच्छे क्रेडिट स्कोर वाले ग्राहकों को रिवॉर्ड देने के एक छोटे विचार से हुई थी, जो आज लाखों सदस्यों और लाभदायक बिजनेस मॉडल के साथ एक बड़े प्लेटफॉर्म में बदल चुकी है। वहीं, मितेन संपत ने कहा कि नई फंडिंग का उपयोग कंपनी के विस्तार, नेतृत्व को मजबूत करने और शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की तैयारी के लिए किया जाएगा।