{"vars":{"id": "130921:5012"}}

CNG के दाम में इस साल आठवीं बार बढ़ोतरी, जनवरी से अब तक 11 रुपये महंगी हुई गैस

मुंबई और आसपास के इलाकों में 15 नवंबर से सीएनजी 1.50 रुपये प्रति किलो महंगी हो गई है। नई दर 91.50 रुपये है। इस साल जनवरी से अब तक कीमत 11 रुपये बढ़ चुकी है। जानिए MGL ने दाम क्यों बढ़ाए और इसका असर किन वाहन चालकों पर पड़ेगा।
 

मुंबई। मुंबई और आसपास के इलाकों में सीएनजी इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने 15 नवंबर से सीएनजी की कीमत में 1.50 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी है। इसके बाद मुंबई में एक किलो सीएनजी के लिए अब 91.50 रुपये चुकाने होंगे। पिछले ढाई महीने में गैस के दाम कुल 5.50 रुपये प्रति किलो बढ़ चुके हैं। इसका सीधा असर ऑटो और टैक्सी चालकों के साथ निजी वाहन इस्तेमाल करने वालों के खर्च पर पड़ेगा।

इस साल आठवीं बार बढ़े CNG के दाम

MGL ने सीएनजी की नई दरें 14 नवंबर की आधी रात से लागू कर दी हैं। इससे पहले 1 नवंबर को भी कंपनी ने कीमत में एक रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की थी। इस साल मुंबई में सीएनजी के दामों में यह आठवीं बढ़ोतरी है।

जनवरी 2026 में मुंबई में एक किलो सीएनजी की कीमत 80.50 रुपये थी, जो अब बढ़कर 91.50 रुपये हो गई है। यानी जनवरी से अब तक गैस 11 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है। इस दौरान कीमत में करीब 14 फीसदी का उछाल आया है।

घरेलू गैस की कमी और आयात की बढ़ती लागत वजह

महानगर गैस लिमिटेड के मुताबिक, घरेलू प्राकृतिक गैस की उपलब्धता में कमी और गैस खरीदने की लागत बढ़ने के कारण कीमतों में इजाफा करना पड़ा है। कंपनी को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए अब अधिक मात्रा में आयातित री-गैसीफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस (RLNG) पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

इसके अलावा मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस खरीदने की लागत भी बढ़ी है। कंपनी का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी से बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा पूरा करने और सीएनजी की आपूर्ति जारी रखने में मदद मिलेगी।

मुंबई में 12.93 लाख सीएनजी वाहनों पर असर

सीएनजी की कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में चलने वाले करीब 12.93 लाख वाहनों पर पड़ेगा। इनमें ऑटो रिक्शा, टैक्सी, निजी कारें और सार्वजनिक परिवहन के वाहन शामिल हैं।

गैस महंगी होने से ऑटो और टैक्सी चालकों का रोजाना का परिचालन खर्च बढ़ेगा। इसका असर आगे चलकर यात्रियों के किराये पर भी पड़ सकता है।

2026 में कब-कब बढ़े सीएनजी के दाम?

MGL ने फरवरी में सीएनजी की कीमत 50 पैसे और अप्रैल में एक रुपये प्रति किलो बढ़ाई थी। इसके बाद मई में दो बार दो-दो रुपये और सितंबर में दो रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई। अक्टूबर और 1 नवंबर को भी कीमत एक-एक रुपये बढ़ाई गई थी।

अब 15 नवंबर को 1.50 रुपये प्रति किलो की नई बढ़ोतरी के साथ मुंबई में सीएनजी की कीमत 91.50 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है।