{"vars":{"id": "130921:5012"}}

जूडियो और वेस्टसाइड को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने वाले नोएल टाटा अब होंगे रिटायर... 30 साल का सफर होगा खत्म

टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी ट्रेंट लिमिटेड के चेयरमैन नोएल टाटा ने पद छोड़ने का ऐलान किया है। नवंबर में 70 वर्ष के होने जा रहे नोएल टाटा लगभग 30 साल बाद ट्रेंट की कमान छोड़ेंगे। उनके नेतृत्व में कंपनी एक स्टोर से 1200 से अधिक स्टोर्स तक पहुंची।

 

Noel Tata Retirement: टाटा समूह की प्रमुख रिटेल कंपनी ट्रेंट लिमिटेड में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कंपनी के चेयरमैन नोएल टाटा ने घोषणा की है कि वह ट्रेंट के चेयरमैन पद से इस्तीफा देंगे। इसके साथ ही कंपनी में उनका लगभग तीन दशक लंबा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। उन्होंने यह घोषणा ट्रेंट लिमिटेड की 47वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) के दौरान की।

शेयरधारकों को संबोधित करते हुए नोएल टाटा ने कहा कि चेयरमैन के रूप में यह उनकी आखिरी वार्षिक बैठक है। नवंबर 2026 में 70 वर्ष के होने जा रहे नोएल टाटा टाटा समूह के गवर्नेंस नियमों के तहत रिटायर होंगे। समूह के नियमों के अनुसार गैर-कार्यकारी निदेशकों के लिए अधिकतम आयु सीमा 70 वर्ष निर्धारित है।

मां सिमोन टाटा की कंपनी से जुड़ा था सफर

नोएल टाटा का ट्रेंट से जुड़ाव कंपनी के शुरुआती दौर से रहा है। टाटा समूह द्वारा लक्मे में हिस्सेदारी बेचने के बाद उनकी मां सिमोन टाटा ने ट्रेंट की स्थापना की थी। वर्ष 1998 में नोएल टाटा कंपनी के बोर्ड में निदेशक के रूप में शामिल हुए और जून 1999 में ट्रेंट के पहले प्रबंध निदेशक बने।nउन्होंने कंपनी की रिटेल रणनीति को नई दिशा दी और भारत के बदलते उपभोक्ता बाजार के अनुरूप कंपनी का विस्तार किया।

एक स्टोर से 1200 से ज्यादा स्टोर्स तक पहुंची कंपनी

नोएल टाटा के नेतृत्व में ट्रेंट ने अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की। जिस कंपनी की शुरुआत एक वेस्टसाइड स्टोर से हुई थी, वह आज देश के सबसे बड़े रिटेल नेटवर्क में शामिल है। वर्तमान में ट्रेंट के 1200 से अधिक स्टोर्स देशभर में संचालित हो रहे हैं।

कंपनी ने फैशन ब्रांड वेस्टसाइड के साथ-साथ जूडियो और स्टार जैसे ब्रांड्स का भी तेजी से विस्तार किया। खास तौर पर जूडियो ने पिछले कुछ वर्षों में ट्रेंट की ग्रोथ को नई गति दी और कंपनी को देश के तेजी से बढ़ते रिटेल कारोबारों में शामिल कर दिया।

जूडियो और स्टार बने ग्रोथ के बड़े आधार

वित्त वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट में नोएल टाटा ने कहा कि ट्रेंट का सफर लगातार विकास और नवाचार का उदाहरण रहा है। उन्होंने जूडियो और स्टार जैसे ब्रांड्स को कंपनी की सफलता का प्रमुख आधार बताया।

रिटेल सेक्टर में बदलती उपभोक्ता मांग को समझते हुए ट्रेंट ने अपने कारोबार को लगातार विस्तार दिया, जिसका सीधा असर कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर भी दिखाई दिया।

ट्रेंट की आय पहुंची ₹19,701 करोड़

नोएल टाटा के कार्यकाल में ट्रेंट का कारोबार कई गुना बढ़ा। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की कुल आय बढ़कर ₹19,701 करोड़ तक पहुंच गई। यह आंकड़ा ट्रेंट के विस्तार और मजबूत बाजार उपस्थिति को दर्शाता है।nनोएल टाटा ने भारतीय रिटेल उद्योग में ट्रेंट को एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी ब्रांड के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

टाटा समूह में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं नोएल टाटा

नोएल टाटा, दिवंगत उद्योगपति रतन टाटा के सौतेले भाई हैं और टाटा समूह की कई प्रमुख कंपनियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। ट्रेंट से उनकी विदाई को टाटा समूह के रिटेल कारोबार में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। अब बाजार की नजर इस बात पर है कि ट्रेंट की कमान आगे किसे सौंपी जाती है और कंपनी अपने अगले विकास चरण की ओर कैसे बढ़ती है।