यूपी पुलिस से RVNL तक ऑर्डर बौछार, रेलटेल शेयर में तूफान
Mumbai : नवरत्न पीएसयू कंपनी रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के शेयरों में गुरुवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान स्टॉक 5 प्रतिशत से अधिक चढ़कर 353.90 रुपये के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया। बीते दो कारोबारी सत्रों में शेयर लगभग 25 प्रतिशत तक उछल चुके हैं।
कंपनी के शेयरों में यह तेजी नए बड़े ऑर्डर्स मिलने के बाद आई है। रेलटेल को हाल ही में 700 करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट मिले हैं, जिससे इसका कुल ऑर्डरबुक 7,200 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
यूपी पुलिस और RVNL से बड़े ऑर्डर
रेलटेल को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड से 44 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट मिला है। इसके तहत कंपनी भर्ती परीक्षाओं के दौरान डिजिटल निगरानी और सुरक्षा सेवाएं प्रदान करेगी।
इसके अलावा रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) से करीब 564 करोड़ रुपये के दो बड़े ऑर्डर भी मिले हैं। ये प्रोजेक्ट रेलवे टनल (T8 से T11) में इंटीग्रेटेड टनल कम्युनिकेशन सिस्टम के डिजाइन, सप्लाई और इंस्टॉलेशन से जुड़े हैं।
शिक्षा और डिजिटल प्रोजेक्ट्स में भी विस्तार
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद (BEPC) से भी रेलटेल को डिजिटल शिक्षा से जुड़े प्रोजेक्ट मिले हैं। इनमें डिजिटल क्लासरूम और ICT लैब्स की स्थापना शामिल है।
माइनिंग सेक्टर में भी बढ़ता दायरा
रेलटेल अब सिर्फ टेलीकॉम तक सीमित नहीं रहकर डिजिटल सेवाओं और सिस्टम इंटीग्रेशन की ओर तेजी से विस्तार कर रही है। कंपनी को कोकण डिवीजन से लगभग 1,000 करोड़ रुपये का एक और प्रोजेक्ट मिला है, जिसमें लघु खनिजों की निगरानी के लिए 5 साल का इंटीग्रेटेड आईटी सिस्टम विकसित करना है।
इन सभी ऑर्डर्स के चलते निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है और शेयर में मजबूत खरीदारी देखने को मिल रही है।