PNB के करेंसी चेस्ट में बड़ा खेल! जांच में मिले 17 करोड़ के नकली नोट, 3 बैंक अधिकारी निलंबित
सहारनपुर: पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की सोफिया मार्केट स्थित शाखा के करेंसी चेस्ट में बड़ी गड़बड़ी सामने आने के बाद बैंक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। शुरुआत में करेंसी चेस्ट में नकदी कम मिलने की शिकायत हुई थी। इसके बाद शुरू हुई जांच में करीब 17 करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने का दावा किया गया है। मामले में तीन बैंक अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए RBI और PNB मुख्यालय के करीब 21 अधिकारियों की टीम पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। पुलिस भी अलग से मामले की पड़ताल में जुटी है। डीआईजी अभिषेक सिंह ने एसएसपी को जांच के लिए एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए हैं।
4.30 लाख रुपये कम मिलने से खुला मामला
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले शाखा में कार्यरत पार्ट टाइम हाउस कीपर विशाल कुमार को करेंसी चेस्ट में नोटों की गड्डियां व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी दी गई थी। इनमें गले, कटे और अन्य तरह के नोट शामिल थे।
बताया गया कि करेंसी चेस्ट से करीब 11.50 करोड़ रुपये के नोट पांच अगस्त को जयपुर स्थित RBI कार्यालय भेजे गए थे। वहां गिनती के दौरान रकम में करीब 4 लाख 30 हजार 900 रुपये की कमी मिली। इसकी जानकारी बैंक के मेरठ जोनल हेड अजय कुमार टिबरेवाल को दी गई। इसके बाद मेरठ से मुख्य प्रबंधक अरुण कुमार चौबे को मामले की जांच के लिए सहारनपुर भेजा गया।
CCTV में नोट निकालते दिखा हाउस कीपर
जांच के दौरान बैंक अधिकारियों को पार्ट टाइम हाउस कीपर विशाल कुमार की गतिविधियों पर शक हुआ। आरोप है कि वह करेंसी की गड्डियों से नोट निकाल रहा था। जांच टीम को CCTV फुटेज में भी उसके द्वारा नोट निकालने की गतिविधि दिखाई दी। इसके बाद मामले की जांच का दायरा बढ़ाया गया और बैंक के करेंसी चेस्ट का ऑडिट शुरू किया गया।
ऑडिट में सामने आए नकली नोट
नौ अगस्त से शुरू हुए ऑडिट के दौरान करेंसी चेस्ट में रखी गड्डियों की जांच की गई। जांच टीम को बड़ी संख्या में संदिग्ध नोट मिले। बैंक की शिकायत के अनुसार, जांच में करीब 17 करोड़ रुपये के नकली नोट सामने आए हैं।
जांच के दौरान नोटों की गड्डियों को लेकर भी चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। आरोप है कि कुछ गड्डियों में ऊपर और नीचे असली नोट लगाए गए थे, जबकि उनके बीच नकली नोट रखे गए थे।
तीन बैंक अधिकारियों पर भी उठे सवाल
मामले की जांच में वरिष्ठ मंडल प्रबंधक रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील कुमार और वर्तमान में जगाधरी, हरियाणा में करेंसी चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार की भूमिका भी जांच के दायरे में आई। जांच अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान तीनों अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद मुख्य प्रबंधक अरुण कुमार चौबे ने बैंक के उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी। बैंक की ओर से 29 अगस्त की शाम थाना सदर बाजार में तीनों अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। साथ ही उन्हें निलंबित किए जाने की कार्रवाई भी की गई है।
हाउस कीपर पर चोरी का मुकदमा
वहीं, करेंसी चेस्ट से शुरुआती जांच में 4.30 लाख रुपये की कमी के मामले में पार्ट टाइम हाउस कीपर विशाल कुमार के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। बैंक ने उसे नौकरी से भी निकाल दिया है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
21 अधिकारियों की टीम कर रही जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए RBI और PNB मुख्यालय के करीब 21 अधिकारियों की टीम करेंसी चेस्ट में हुई गड़बड़ी की जांच कर रही है। टीम नकली नोटों की बरामदगी, करेंसी चेस्ट में उनकी मौजूदगी और रकम में कमी समेत सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
वहीं, पुलिस भी बैंक अधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। डीआईजी अभिषेक सिंह ने एसएसपी को मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया है। थाना प्रभारी नेमचंद के मुताबिक, पहले से दर्ज मुकदमे में अब नकली नोटों से जुड़ी रकम को भी शामिल करते हुए कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।