{"vars":{"id": "130921:5012"}}

रेपो रेट में हो सकती है 0.25% की कटौती, RBI की मौद्रिक नीति समिति की बैठक मुंबई में शुरू

 

Mumbai : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की तीन दिवसीय द्विमासिक मौद्रिक नीति समिति (MPC) की समीक्षा बैठक सोमवार को मुंबई में शुरू हो गई। RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में मौजूदा आर्थिक हालात की समीक्षा के बाद प्रमुख नीतिगत दरों, विशेष रूप से रेपो रेट पर निर्णय लिया जाएगा।

आर्थिक विशेषज्ञों के अनुसार, बैठक के दौरान रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती की संभावना जताई जा रही है। देश की सबसे बड़ी सार्वजनिक बैंक एसबीआई ने अपनी रिपोर्ट में भी इस कटौती को उचित और तर्कसंगत बताया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि आगामी वित्त वर्ष 2026-27 में खुदरा महंगाई दर के नियंत्रित रहने की उम्मीद है, ऐसे में ब्याज दरों में राहत दी जा सकती है।

वर्तमान में रेपो रेट 5.50 प्रतिशत है। फरवरी से अब तक RBI कुल एक प्रतिशत की कटौती कर चुका है। हालांकि अगस्त में दरों को यथावत रखा गया था। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) आधारित महंगाई दर में हाल के महीनों में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे इस बार फिर से कटौती की संभावना मजबूत हो गई है।

RBI की यह बैठक एक अक्टूबर तक चलेगी, जिसके बाद गवर्नर संजय मल्होत्रा नीतिगत फैसलों की घोषणा करेंगे। यदि रेपो रेट में कटौती होती है, तो इससे न केवल बैंकों के कर्ज सस्ते हो सकते हैं, बल्कि अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।