SBI Clerk Recruitment 2026: 1,538 पदों पर निकली वैकेंसी, जानें पूरी डिटेल्स
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंकों में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने क्लर्क यानी जूनियर एसोसिएट भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत स्पेशल रिक्रूटमेंट ड्राइव के जरिए कुल 1,538 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 27 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी ध्यान रखें कि वे केवल एक राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित राज्य की स्थानीय भाषा का ज्ञान होना भी जरूरी है।
तीन चरणों में होगा चयन
SBI क्लर्क भर्ती में उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) होगी। इसमें सफल उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा (Mains) के लिए बुलाया जाएगा। चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में लोकल लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट (LLPT) होगा। प्रारंभिक परीक्षा सितंबर 2026 में आयोजित होने की संभावना है, जबकि मुख्य परीक्षा अक्टूबर-नवंबर 2026 में हो सकती है।
प्रीलिम्स परीक्षा 100 अंकों की होगी
प्रारंभिक परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी और इसे हल करने के लिए उम्मीदवारों को एक घंटे का समय मिलेगा। परीक्षा में सभी प्रश्न ऑब्जेक्टिव टाइप होंगे और पेपर को तीन सेक्शन में बांटा जाएगा।
गलत उत्तर देने पर एक-चौथाई अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी। खास बात यह है कि SBI ने प्रीलिम्स के लिए फिलहाल कोई सेक्शनल या ओवरऑल क्वालिफाइंग कटऑफ निर्धारित नहीं किया है।
वहीं, मुख्य परीक्षा में उम्मीदवारों को बैंक की ओर से निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल करने होंगे। हालांकि, किसी एक सेक्शन में अलग से न्यूनतम अंक प्राप्त करने की बाध्यता नहीं होगी।
स्थानीय भाषा की जानकारी जरूरी
SBI क्लर्क भर्ती में स्थानीय भाषा की जानकारी महत्वपूर्ण है। यदि उम्मीदवार ने 10वीं या 12वीं कक्षा में संबंधित राज्य की स्थानीय भाषा पढ़ी है और इसका उल्लेख मार्कशीट में है, तो उसे LLPT से छूट दी जाएगी।
जिन उम्मीदवारों ने स्कूल स्तर पर संबंधित स्थानीय भाषा नहीं पढ़ी है, उन्हें चयन प्रक्रिया के बाद भाषा दक्षता परीक्षा देनी होगी। इसमें उम्मीदवार की पढ़ने, लिखने, बोलने और समझने की क्षमता जांची जाएगी।
उम्र सीमा क्या है?
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की उम्र 1 अप्रैल 2026 को 20 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
उम्मीदवारों को आवेदन के दौरान अपना मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी सक्रिय रखना होगा, क्योंकि भर्ती प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं इन्हीं माध्यमों से भेजी जाएंगी।
आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को SBI की आधिकारिक भर्ती अधिसूचना में पद, पात्रता, राज्यवार रिक्तियों और आवेदन शुल्क से जुड़ी पूरी जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए।