अमेरिका-ईरान शांति वार्ता विफल के बाद से शेयर बाजार धड़ाम: सेंसेक्स 1600 अंक टूटा, निफ्टी 23,600 के नीचे
मुंबई। अमेरिका-ईरान के बीच शांति वार्ता विफल होने के बाद सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स करीब 1,600 अंक तक टूट गया, जबकि निफ्टी 23,600 के अहम स्तर से नीचे फिसल गया।
सुबह 9:20 बजे के आसपास सेंसेक्स 1,546.70 अंक (-1.99%) गिरकर 76,003.55 पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी 470.60 अंक (-1.96%) टूटकर 23,580 के स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स दिन के निचले स्तर 75,939 तक लुढ़क गया।
बाजार में व्यापक बिकवाली का माहौल रहा, जिसमें बैंकिंग, वित्तीय और तेल-गैस सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला। खासकर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में भारी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, फार्मा और हेल्थकेयर जैसे डिफेंसिव सेक्टर अपेक्षाकृत कम प्रभावित रहे।
इस दौरान बाजार में अस्थिरता का संकेत देने वाला भारतीय VIX 13% से ज्यादा बढ़कर 21 के पार पहुंच गया, जो निवेशकों में बढ़ती चिंता को दर्शाता है। वहीं भारतीय रुपया भी कमजोर होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 49 पैसे गिरकर 93.32 पर पहुंच गया।
वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में भी तेज उछाल आया है। ब्रेंट क्रूड 103 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है, जिससे महंगाई और आर्थिक दबाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार ने कहा कि मौजूदा हालात में भू-राजनीतिक जोखिम तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में बाजार में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। उन्होंने निवेशकों को सलाह दी है कि इस अनिश्चित माहौल में ‘वेट एंड वॉच’ की रणनीति अपनाना बेहतर रहेगा।
कुल मिलाकर, वैश्विक तनाव और आर्थिक चिंताओं के चलते बाजार का रुख फिलहाल कमजोर बना हुआ है और निवेशकों में सतर्कता साफ देखी जा रही है।