Sensex-Nifty Today: 6 महीने के निचले स्तर के करीब पहुंचा बाजार, क्रूड ऑयल ने बढ़ाई निवेशकों की चिंता
भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को भी गिरावट जारी रही। सेंसेक्स 242 अंक टूटकर 72,529 और निफ्टी 64 अंक गिरकर 22,716 पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया तनाव के बीच कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने बाजार पर दबाव बढ़ाया। IT और बैंकिंग शेयरों में भी कमजोरी रही।
Sensex-Nifty Today: भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को भी गिरावट का सिलसिला जारी रहा। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली के बीच सेंसेक्स और निफ्टी दबाव में रहे। कारोबार के अंत में दोनों प्रमुख सूचकांक छह महीने के निचले स्तर के बेहद करीब पहुंच गए। बैंकिंग, फाइनेंस और आईटी शेयरों में बिकवाली ने बाजार की कमजोरी और बढ़ा दी।
कारोबार खत्म होने पर BSE सेंसेक्स 242.65 अंक यानी 0.33 फीसदी गिरकर 72,529.07 पर बंद हुआ। वहीं NSE निफ्टी 64.05 अंक यानी 0.28 फीसदी की गिरावट के साथ 22,716.20 के स्तर पर आ गया।
बड़ी कंपनियों के शेयरों के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली देखने को मिली। निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 1.02 फीसदी और निफ्टी मिडकैप 100 में 0.95 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
कच्चे तेल की बढ़ती कीमत ने बढ़ाई चिंता
बाजार में दबाव की एक बड़ी वजह पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में आया उछाल है। मंगलवार को ब्रेंट क्रूड 1.74 फीसदी बढ़कर 107.1 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड महंगा होने से देश के आयात बिल और महंगाई पर दबाव बढ़ने की आशंका रहती है। साथ ही पेट्रोलियम पर निर्भर कंपनियों की लागत और मार्जिन को लेकर भी निवेशकों की चिंता बढ़ती है।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली से भी बाजार कमजोर
वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता के बीच विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की भारतीय शेयर बाजार से लगातार निकासी भी बाजार पर भारी पड़ रही है। विदेशी फंड्स की बिकवाली से प्रमुख शेयरों पर दबाव बना हुआ है और बाजार की धारणा कमजोर हुई है।
इसके अलावा ऊंचे क्रूड की वजह से रुपये, महंगाई और कॉरपोरेट आय पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर भी निवेशक सतर्क नजर आ रहे हैं।
इन शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट
निफ्टी में मंगलवार को टाइटन 3 फीसदी की गिरावट के साथ सबसे बड़े लूजर्स में रहा। इसके अलावा विप्रो 2.95 फीसदी, HCL टेक 2.44 फीसदी, टेक महिंद्रा 2.06 फीसदी, TCS 1.85 फीसदी और अल्ट्राटेक सीमेंट 1.78 फीसदी टूटकर बंद हुए।
रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.30 फीसदी और ICICI बैंक में 0.75 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
इन शेयरों ने बाजार को संभाला
हालांकि, कुछ शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। अडानी एंटरप्राइजेज 5.01 फीसदी और अडानी पोर्ट्स 4.49 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए। इसके अलावा डॉ. रेड्डीज 2.53 फीसदी, सन फार्मा 1.47 फीसदी, इंफोसिस 1.22 फीसदी और कोटक महिंद्रा बैंक 1.11 फीसदी बढ़त के साथ बंद हुए।
निवेशकों की नजर अब वैश्विक संकेतों पर
शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन दबाव के बीच अब निवेशकों की नजर कच्चे तेल की कीमतों, पश्चिम एशिया के घटनाक्रम और विदेशी निवेशकों के रुख पर रहेगी। महंगे क्रूड और लगातार FII आउटफ्लो का असर आगे भी बाजार की दिशा के लिए अहम माना जा रहा है।