{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सोना-चांदी खरीदने वालों को झटका! सरकार ने बढ़ाई इम्पोर्ट कीमतें, जानिए आज का नया रेट

 

नई दिल्ली। सोना और चांदी खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए एक अहम खबर है। केंद्र सरकार ने सोने और चांदी की बेस इम्पोर्ट प्राइस में फिर बढ़ोतरी कर दी है। सरकार के इस फैसले के बाद घरेलू बाजार में कीमती धातुओं की कीमतों पर असर पड़ने की संभावना बढ़ गई है।

सरकार ने सोने की बेस इम्पोर्ट प्राइस में 5 डॉलर प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी की है, जिसके बाद इसकी कीमत बढ़कर 1,348 डॉलर प्रति 10 ग्राम हो गई है। वहीं चांदी की बेस इम्पोर्ट प्राइस में 83 डॉलर प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गई है और यह बढ़कर 2,175 डॉलर प्रति किलोग्राम पहुंच गई है।

दिलचस्प बात यह है कि तीन दिन पहले ही सरकार ने सोने की बेस इम्पोर्ट कीमत में 80 डॉलर और चांदी की कीमत में 276 डॉलर की कटौती की थी। ऐसे में लगातार हो रहे बदलावों ने बाजार में असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है।

क्या है आज सोने का भाव?

देश के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोना 1.51 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार कारोबार कर रहा है। दिल्ली, लखनऊ, नोएडा, गुरुग्राम और जयपुर में 24 कैरेट सोने का भाव 1,51,680 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है, जबकि 22 कैरेट सोना 1,39,050 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है।

चेन्नई में सोने की कीमत सबसे अधिक रही, जहां 24 कैरेट सोना 1,53,490 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया।

चांदी भी रिकॉर्ड स्तर पर

चांदी की कीमतों में भी मजबूती बनी हुई है। दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, पटना और कई अन्य शहरों में एक किलो चांदी का भाव 2,65,000 रुपये दर्ज किया गया है। वहीं चेन्नई, हैदराबाद, भुवनेश्वर और केरल में चांदी 2,80,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई है।

आयात नियम भी हुए सख्त

सरकार ने विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित रखने और व्यापार घाटे को नियंत्रित करने के उद्देश्य से सोने-चांदी के आयात नियमों को भी सख्त कर दिया है।

नई व्यवस्था के तहत 99.9 प्रतिशत या उससे अधिक शुद्धता वाली चांदी और उससे जुड़े उत्पादों को ‘फ्री’ श्रेणी से हटाकर ‘प्रतिबंधित’ श्रेणी में शामिल किया गया है। इसके अलावा सोने और चांदी पर आयात शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है।

अब चांदी का आयात केवल अधिकृत बैंकों या भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से स्वीकृत एजेंसियों के माध्यम से ही किया जा सकेगा।

क्या आगे और बढ़ सकते हैं दाम?

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में तेजी बनी रहती है और आयात नियम सख्त बने रहते हैं, तो आने वाले दिनों में घरेलू बाजार में भी कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। ऐसे में निवेशकों और खरीदारों को खरीदारी से पहले बाजार की चाल पर नजर रखने की सलाह दी जा रही है।