{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Swiggy से अब खाना मंगाना पड़ेगा महंगा? कंपनी अब हर ऑर्डर पर वसूलेगी इतना प्लेटफॉर्म फीस

 

Swiggy Platform Fee: ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी (Swiggy) ने अपने प्लेटफॉर्म शुल्क (Swiggy Platform Fee) को 12 रुपये से बढ़ाकर 14 रुपये प्रति ऑर्डर कर दिया है। यह बदलाव ऐसे समय में किया गया है, जब त्योहारी सीजन में ऑर्डर का दबाव सबसे अधिक रहता है। फेस्टिव पीरियड में व्यस्तताओं के कारण लोग बाहर से खाना मंगाने को तरजीह देते हैं, जिससे कंपनी के ऑर्डर वॉल्यूम में तेज़ी आती है।

Swiggy के मुनाफे में बड़ा इजाफा

प्लेटफॉर्म फीस में 2 रुपये की यह बढ़ोतरी भले ही ग्राहकों को मामूली लगे, लेकिन इससे कंपनी को भारी आर्थिक लाभ मिलेगा। उद्योग विशेषज्ञों के मुताबिक, स्विगी रोजाना लगभग 20 लाख ऑर्डर पूरे करती है। नए शुल्क के तहत कंपनी को हर दिन करीब 2.8 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिलेगा। इसका मतलब है कि तिमाही में लगभग 8.4 करोड़ रुपये और सालाना करीब 33.60 करोड़ रुपये का फायदा होगा।

प्लेटफॉर्म फीस का सफर

स्विगी (Swiggy) ने अप्रैल 2023 में पहली बार प्लेटफॉर्म फीस लागू की थी, तब यह सिर्फ 2 रुपये प्रति ऑर्डर थी। समय के साथ ऑपरेशनल खर्च बढ़ने पर कंपनी ने धीरे-धीरे इसमें इजाफा किया। दिलचस्प बात यह है कि इस शुल्क वृद्धि का कंपनी के ऑर्डर वॉल्यूम पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ा।

पहली तिमाही का प्रदर्शन

वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में स्विगी का मुनाफा पिछले साल की समान अवधि की तुलना में दोगुना होकर 1,197 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसमें इसके रैपिड ग्रॉसरी डिलीवरी प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट ने भी अहम योगदान दिया। इस दौरान कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू बढ़कर 4,961 करोड़ रुपये हो गया, जो फूड डिलीवरी और इंस्टेंट कॉमर्स, दोनों सेगमेंट में इसकी मजबूत पकड़ को दर्शाता है।