Swiggy Instamart पर FSSAI का बड़ा एक्शन, खराब और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ बेचने के आरोप में जारी किए 9 नोटिस
नई दिल्ली: देश के खाद्य सुरक्षा नियामक FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण) ने क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Swiggy Instamart के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 नोटिस जारी किए हैं। यह कदम ग्राहकों की ओर से मिली कई शिकायतों के बाद उठाया गया है, जिनमें एक्सपायर्ड, सड़े-गले, दूषित और खाने के लिए असुरक्षित खाद्य पदार्थों की डिलीवरी का आरोप लगाया गया है।
FSSAI ने स्विगी इंस्टामार्ट से इन मामलों पर विस्तृत स्पष्टीकरण और अनुपालन रिपोर्ट मांगी है। साथ ही चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कंपनी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर मांगा जवाब
रेगुलेटर ने कंपनी को निर्देश दिया है कि वह कथित नियम उल्लंघनों से जुड़े सभी दस्तावेजी साक्ष्य उपलब्ध कराए। इसके अलावा गुणवत्ता नियंत्रण (Quality Assurance), खाद्य सुरक्षा निगरानी, इन्वेंट्री मैनेजमेंट, स्टॉक रोटेशन, स्वच्छता, स्टोरेज, हैंडलिंग प्रक्रिया और आंतरिक नियंत्रण प्रणाली की पूरी जानकारी भी देने को कहा गया है।
एक्सपायर्ड अंडे और खराब खाद्य पदार्थ मिलने के आरोप
FSSAI की जांच में पाया गया कि NOICE Eggs नाम से बेचे जा रहे उत्पाद उस श्रेणी में शामिल नहीं थे, जिसकी अनुमति कंपनी के मौजूदा FSSAI लाइसेंस में थी। इसके बावजूद उत्पाद की बिक्री जारी रखी गई। नियामक ने कंपनी को निर्देश दिया था कि वैध लाइसेंस मिलने तक ऐसे उत्पादों की बिक्री रोकी जाए।
इसके अलावा ग्राहकों ने इंस्टामार्ट के जरिए खराब अंडे, दूध और पैकेज्ड फूड की डिलीवरी की शिकायत की। जांच में Akshayakalpa Organic Egg एक्सपायर्ड, सड़े हुए, बदबूदार और गंदगी के निशान वाले पाए गए, जिन्हें मानव उपभोग के लिए असुरक्षित माना गया।
बच्चों के खाद्य उत्पाद और पराठा भी मिला खराब
जांच के दौरान 'कक्के दा पराठा' भी खराब हालत में मिला, जिसमें बदबू आने की शिकायत दर्ज की गई। वहीं बच्चों के लिए भेजा गया एक खाद्य उत्पाद भी असुरक्षित और खराब गुणवत्ता का पाया गया। रिपोर्ट के अनुसार उत्पाद को सही तरीके से स्टोर और हैंडल नहीं किया गया था।
FSSAI की रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ मामलों में ग्राहक द्वारा लौटाए गए खराब उत्पाद को दोबारा किसी अन्य ग्राहक को भेज दिया गया, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन माना गया है।
कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
FSSAI ने स्पष्ट किया है कि यदि Swiggy Instamart तय समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब और अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करता है, तो उसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।