लो-स्टोरेज फोन वालों के लिए झटका! Microsoft ने बंद किया Outlook Lite App
New Delhi : टेक दिग्गज Microsoft ने अपने हल्के ईमेल ऐप Outlook Lite को बंद करने का फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह ऐप 26 मई 2026 के बाद ठीक से काम नहीं करेगा। हालांकि ऐप ओपन तो होगा, लेकिन इसके अधिकांश फीचर्स काम करना बंद कर देंगे।
2022 में खास यूजर्स के लिए हुआ था लॉन्च
Outlook Lite को साल 2022 में लॉन्च किया गया था। यह खासतौर पर उन Android यूजर्स के लिए बनाया गया था जिनके फोन में कम स्टोरेज होता है या जहां इंटरनेट स्पीड धीमी होती है।
टेक रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी पहले ही इस ऐप को बंद करने की तैयारी कर चुकी थी। साल 2025 में Microsoft ने इसे Google Play Store से हटाने और डाउनलोड बंद करने की घोषणा कर दी थी। अब कंपनी चाहती है कि यूजर्स मुख्य Outlook Mobile ऐप पर शिफ्ट हो जाएं, जहां ज्यादा फीचर्स और बेहतर सपोर्ट मिलता है।
यूजर्स पर क्या होगा असर
25 मई 2026 के बाद Outlook Lite का इस्तेमाल लगभग नामुमकिन हो जाएगा। यूजर्स अपने मेलबॉक्स तक पहुंच नहीं बना पाएंगे और ऐप के जरूरी फीचर्स जैसे नेविगेशन आदि काम नहीं करेंगे। इसलिए यूजर्स को जल्द नए ऐप पर स्विच करने की सलाह दी गई है।
इस बदलाव के बावजूद यूजर्स का डेटा सुरक्षित रहेगा। ईमेल, कैलेंडर और अटैचमेंट्स डिलीट नहीं होंगे। यूजर्स अपने पुराने अकाउंट से लॉगिन कर Outlook Mobile ऐप में आसानी से डेटा एक्सेस कर सकेंगे।
ऐसे करें नए ऐप पर स्विच
यूजर्स Outlook Lite ऐप के अंदर दिए गए “Upgrade” ऑप्शन पर क्लिक कर सीधे Google Play Store पर जाकर नया ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा, Play Store में जाकर भी Outlook Mobile ऐप सर्च कर इंस्टॉल किया जा सकता है।
Outlook Lite का बंद होना हल्के ऐप पर निर्भर यूजर्स के लिए बदलाव जरूर लाएगा, लेकिन नए ऐप में बेहतर फीचर्स और अनुभव मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।