Google Map पर दिखेंगे अधिकृत आधार केंद्र, UIDAI-गूगल की नई पहल से मिलेगी बड़ी राहत
नई दिल्ली। अब लोगों को नया आधार कार्ड बनवाने या उसमें अपडेट कराने के लिए अधिकृत आधार सेवा केंद्र की तलाश में इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। जल्द ही गूगल मैप के जरिए नजदीकी अधिकृत आधार केंद्र को आसानी से सर्च किया जा सकेगा। इसके लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने तकनीकी दिग्गज Google के साथ साझेदारी की है।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, गूगल मैप पर देशभर के सत्यापित और अधिकृत आधार सेवा केंद्र दिखाई देंगे। इससे नागरिकों को यह जानकारी आसानी से मिल सकेगी कि किस केंद्र पर वयस्कों का नामांकन (एनरोलमेंट) किया जाता है, कहां बच्चों का आधार बनता है और किन केंद्रों पर केवल पता या मोबाइल नंबर अपडेट की सुविधा उपलब्ध है।
यह सुविधा आने वाले महीनों में चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य आम लोगों के लिए आधार सेवाओं तक पहुंच को सरल बनाना, गलत सूचनाओं से बचाना और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। देशभर में 60 हजार से अधिक आधार केंद्र संचालित हैं, जिन तक अब डिजिटल माध्यम से निर्बाध पहुंच संभव हो सकेगी।
यूआईडीएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश कुमार ने कहा कि संस्था का उद्देश्य हमेशा आधार धारकों के जीवन को सरल बनाना रहा है। उन्होंने कहा कि गूगल के साथ यह सहयोग अधिकृत आधार केंद्रों तक पहुंच को आसान, तेज और पारदर्शी बनाएगा।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद जब भी कोई उपयोगकर्ता गूगल मैप पर आधार सेवा केंद्र सर्च करेगा, तो उसे सीधे सत्यापित केंद्रों तक मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे समय की बचत होगी और अनधिकृत केंद्रों से बचाव भी संभव होगा।