ChatGPT, Claude और Grok एक साथ ठप! दुनियाभर में यूजर्स परेशान, आखिर तीनों AI सेवाओं में क्या हुआ?
नई दिल्ली। दुनियाभर में गुरुवार को कई यूजर्स को प्रमुख AI चैटबॉट सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। OpenAI के ChatGPT, Anthropic के Claude और Elon Musk के Grok को लेकर बड़ी संख्या में यूजर्स ने आउटेज की शिकायतें दर्ज कराईं। डाउनडिटेक्टर पर तीनों सेवाओं के संबंध में अचानक शिकायतों में बढ़ोतरी देखी गई।
भारत में रात करीब 8:20 बजे ChatGPT को लेकर 2,800 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। इसी दौरान Claude के लिए करीब 170 और Grok के लिए 40 से अधिक रिपोर्ट सामने आईं। इससे संकेत मिलता है कि भारत में भी इन AI सेवाओं की तकनीकी दिक्कत का असर यूजर्स पर पड़ा।
अमेरिका में सबसे ज्यादा शिकायतें
आउटेज का सबसे ज्यादा असर अमेरिका में दिखाई दिया। इसी समय ChatGPT को लेकर 35,000 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। वहीं Claude के लिए 1,400 से ज्यादा और Grok के लिए 1,200 से अधिक रिपोर्ट सामने आईं।
OpenAI ने ChatGPT की परेशानी स्वीकारी
OpenAI ने ChatGPT में आई तकनीकी समस्या की पुष्टि की। कंपनी के अनुसार, ChatGPT और Codex में सामान्य से ज्यादा एरर देखने को मिल रहे थे। कंपनी ने बताया कि समस्या के कारणों की जांच की जा रही है और इसे ठीक करने के लिए काम जारी है।
Claude में भी बढ़े एरर
Anthropic ने भी अपने AI चैटबॉट Claude में तकनीकी परेशानी की जानकारी दी। कंपनी के मुताबिक, Claude Mythos 5.1, Claude Fable 5.1 और Claude Opus 5 पर रिक्वेस्ट में ज्यादा एरर आने की समस्या सामने आई। कंपनी ने कहा कि समस्या की वजह का पता लगा लिया गया है और इसे ठीक करने का काम जारी है।
Grok ने भी माना आउटेज
Elon Musk के स्वामित्व वाले X के AI चैटबॉट Grok ने भी सेवा में आई तकनीकी परेशानी की पुष्टि की। Grok की ओर से बताया गया कि उसकी सेवा प्रभावित हुई है और इसे जल्द से जल्द सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
क्या तीनों AI सेवाओं के डाउन होने की वजह एक ही है?
फिलहाल ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे यह कहा जा सके कि ChatGPT, Claude और Grok के एक साथ प्रभावित होने की वजह एक ही है। तीनों कंपनियों ने अपनी-अपनी सेवाओं में तकनीकी समस्याओं और एरर की जानकारी दी है, लेकिन किसी साझा तकनीकी कारण की पुष्टि अभी नहीं हुई है।