{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Donald Trump ने AI को दिया नया नाम, अब ‘Artificial Intelligence’ नहीं ‘Super Intelligence’ कहेगा अमेरिका

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संघीय सरकार के आधिकारिक इस्तेमाल में Artificial Intelligence और AI की जगह Super Intelligence और SI शब्द अपनाने का निर्देश दिया है। कार्यकारी आदेश के तहत सरकारी संचार और दस्तावेजों में नई शब्दावली इस्तेमाल होगी। हालांकि पुराने कानून, नियम और दस्तावेज इससे स्वतः नहीं बदलेंगे।
 

Super Intelligence SI: र्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी संघीय सरकार के आधिकारिक इस्तेमाल में Artificial Intelligence और AI की जगह ‘Super Intelligence’ और ‘SI’ शब्द इस्तेमाल करने का निर्देश दिया है। इसके लिए ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किया है।

ट्रंप ने इस बदलाव की घोषणा करते हुए कहा कि अब इसे AI नहीं बल्कि Super Intelligence कहा जाएगा। उनका कहना है कि यह तकनीक अपनी क्षमता और संभावनाओं के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है और इसका प्रभाव इंटरनेट से भी बड़ा हो सकता है।

क्या अब AI शब्द पूरी तरह खत्म हो जाएगा?

ट्रंप के आदेश का मतलब यह नहीं है कि दुनिया में Artificial Intelligence का आधिकारिक नाम हर जगह बदलकर SI हो गया है। फिलहाल यह बदलाव अमेरिकी संघीय सरकार के आधिकारिक संचार और इस्तेमाल पर लागू किया गया है।

कार्यकारी आदेश के तहत संघीय विभागों और एजेंसियों को कानून की सीमा के भीतर अपने आधिकारिक पत्राचार, सार्वजनिक संचार, वेबसाइट, रिपोर्ट और प्रशासनिक दस्तावेजों में ‘Artificial Intelligence’ और ‘AI’ की जगह ‘Super Intelligence’ और ‘SI’ इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया है।

ट्रंप प्रशासन ने क्यों बदला नाम?

आदेश में कहा गया है कि अमेरिकी कंपनियों द्वारा विकसित मौजूदा तकनीक की क्षमताएं पुराने ‘Artificial Intelligence’ शब्द से कहीं आगे निकल चुकी हैं। इसी वजह से प्रशासन का मानना है कि Super Intelligence शब्द इस तकनीक की क्षमता, संभावनाओं और तेजी से हो रहे विकास को बेहतर तरीके से दर्शाता है।

ट्रंप प्रशासन AI के क्षेत्र में अमेरिका की बढ़त को बनाए रखने पर लगातार जोर दे रहा है। ऐसे समय में यह नामकरण भी उसी व्यापक तकनीकी नीति का हिस्सा माना जा रहा है।

पुराने कानून और दस्तावेजों पर क्या असर पड़ेगा?

इस बदलाव का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि पुराने नियम, कानून, सरकारी अनुबंध, अनुदान और ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने आप नहीं बदलेंगे। आदेश में मौजूदा कानूनी प्रावधानों को तत्काल बदलने की बात नहीं कही गई है।

फिलहाल प्रशासन मौजूदा अमेरिकी कानून में दी गई Artificial Intelligence की कानूनी परिभाषा को ही ‘Super Intelligence’ के लिए लागू करेगा। साथ ही राष्ट्रपति के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सलाहकार को 60 दिनों के भीतर कांग्रेस के सामने नई कानूनी भाषा और संबंधित कानूनों में बदलाव के सुझाव देने को कहा गया है।

ट्रंप बोले- इंटरनेट से भी बड़ा है AI

ट्रंप ने AI को लेकर अपने रुख में इसे बेहद शक्तिशाली तकनीक बताया है। हालिया कार्यक्रम में उन्होंने AI को इंटरनेट से भी बड़ा बताते हुए इसके विकास और अमेरिकी तकनीकी नेतृत्व पर जोर दिया।

इसी दौरान ट्रंप प्रशासन ने प्रमुख टेक कंपनियों के साथ AI सुरक्षा और विकास को लेकर भी चर्चा की। OpenAI, Google, Meta और Nvidia समेत कई बड़ी टेक कंपनियों के प्रमुख इस बातचीत में शामिल रहे।

अमेरिका में अब SI शब्द का बढ़ेगा इस्तेमाल

नए आदेश के बाद अमेरिकी संघीय एजेंसियों के आधिकारिक संचार में ‘Super Intelligence’ और ‘SI’ शब्द का इस्तेमाल बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, दुनिया भर में इस तकनीक को अभी भी सामान्य तौर पर Artificial Intelligence यानी AI के नाम से ही जाना जाता है।

इसलिए ट्रंप का फैसला फिलहाल मुख्य रूप से अमेरिकी सरकारी शब्दावली में बदलाव है, न कि पूरी दुनिया में AI की तकनीकी परिभाषा बदलने वाला फैसला।