कैमरे से GPS तक, ZeroDayRat चुरा सकता है आपकी पूरी डिटेल्स, जानें कैसे करें बचाव
Varanasi : पिछले कुछ सालों का सबसे खतरनाक मोबाइल स्पाईवेयर ZeroDayRAT अब दुनिया भर में यूजर्स के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। इस स्पाईवेयर की मदद से हैकर्स आपके फोन के कैमरा, माइक्रोफोन, नोटिफिकेशन, मैसेज, GPS लोकेशन, बैटरी स्टेटस, लॉक स्टेटस और इस्तेमाल किए जा रहे ऐप्स तक की पूरी जानकारी चुरा सकते हैं। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि यह स्पाईवेयर Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर काम करता है—यानी कोई भी स्मार्टफोन यूजर इससे सुरक्षित नहीं है।
यह स्पाईवेयर क्या-क्या कर सकता है?
- फोन में इंस्टॉल होते ही बैकग्राउंड में डेटा ट्रांसमिट करना शुरू कर देता है।
- हैकर देख सकता है कि आप सबसे ज्यादा किससे बात कर रहे हैं।
- कौन से ऐप्स सबसे ज्यादा यूज कर रहे हैं।
- आप किस नेटवर्क (Wi-Fi या मोबाइल डेटा) पर हैं।
- फोन का पूरा ऑपरेटिंग सिस्टम, बैटरी और लॉक स्टेटस।
- कैमरा और माइक से रियल-टाइम एक्सेस।
यह सब जानकारी हैकर के कंट्रोल पैनल पर पहुंचती है, जिससे वह यूजर की पूरी जिंदगी पर नजर रख सकता है।
टेलीग्राम पर खुलेआम बिक रहा है
इस स्पाईवेयर की सबसे खतरनाक बात यह है कि इसे इस्तेमाल करने के लिए कोई तकनीकी विशेषज्ञता की जरूरत नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर आसानी से उपलब्ध है और कोई भी इसे खरीदकर इस्तेमाल कर सकता है। इससे इसका दायरा बहुत तेजी से बढ़ रहा है और आम यूजर्स के लिए खतरा कई गुना बढ़ गया है।
फोन में Malware होने के संकेत
- फोन बिना वजह स्लो या हैंग होना
- बैटरी तेजी से खत्म होना (स्टैंडबाय में भी)
- फोन बिना इस्तेमाल के गर्म होना
- अनजान ऐप्स का दिखना
- अजीब परमिशन मांगना (जैसे कैलकुलेटर ऐप मैसेज पढ़ने की परमिशन मांगे)
- मोबाइल डेटा की खपत बहुत ज्यादा होना
- बार-बार पॉप-अप विज्ञापन आना
इससे बचने के लिए क्या करें?
- कभी भी अनजान लिंक (WhatsApp, SMS, ईमेल, टेलीग्राम) पर क्लिक न करें।
- थर्ड-पार्टी सोर्स या अनऑफिशियल वेबसाइट से कोई APK/ऐप डाउनलोड न करें।
- हमेशा Google Play Store या Apple App Store से ही ऐप्स इंस्टॉल करें।
- Google Play Protect को हमेशा ऑन रखें।
- फोन का सॉफ्टवेयर अपडेट नियमित रूप से करें।
- संदिग्ध ऐप्स की परमिशन चेक करें और जरूरत से ज्यादा परमिशन वाले ऐप्स हटा दें।
- बैंकिंग/UPI ऐप्स के लिए अलग फिंगरप्रिंट/पिन यूज करें।
- अगर शक हो तो फोन का सेफ मोड में स्कैन करें या फैक्ट्री रिसेट (डेटा बैकअप लेकर) करें।
एक्सपर्ट्स की सलाह
साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स का कहना है कि ZeroDayRAT जैसे स्पाईवेयर अब आम हो गए हैं। इसलिए अनजान लिंक और APK से दूर रहना सबसे बड़ा बचाव है। अगर आपके फोन में कोई संदिग्ध व्यवहार दिख रहा है तो तुरंत एंटीवायरस स्कैन करें और जरूरी पासवर्ड बदलें।