क्या भारत में बैन होगा Jack Dorsey का BitChat? सरकार ने GitHub को भेजा नोटिस, जानिए पूरा मामला
भारत सरकार ने Jack Dorsey के ऑफलाइन मैसेजिंग ऐप BitChat से जुड़े GitHub रिपॉजिटरी हटाने का निर्देश दिया है। सरकार का कहना है कि यह ऐप इंटरनेट बंद होने पर भी काम करता है और कानून-व्यवस्था प्रभावित कर सकता है। जानिए पूरा मामला, BitChat क्या है और सरकार की चिंता क्या है।
BitChat GitHub Block: दिल्ली में जारी छात्र प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) के सह-संस्थापक जैक डोर्सी (Jack Dorsey) के ऑफलाइन मैसेजिंग ऐप BitChat को लेकर बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने GitHub को निर्देश दिया है कि BitChat से जुड़े रिपॉजिटरी (Repositories) हटाए जाएं। सरकार का कहना है कि यह ऐप इंटरनेट बंद होने की स्थिति में भी संचार की सुविधा देता है, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जांच एजेंसियों के काम में मुश्किलें आ सकती हैं।
GitHub को भेजा गया नोटिस
जैक डोर्सी ने X पर एक नोटिस शेयर किया है, जिसे गृह मंत्रालय के तहत कार्यरत Indian Cyber Crime Coordination Centre (I4C) का बताया गया है। नोटिस में GitHub से BitChat से जुड़े तीन रिपॉजिटरी को हटाने या भारत में उनकी पहुंच रोकने के लिए कहा गया है। सरकार ने इसके लिए आईटी एक्ट, 2000 की धारा 79(3)(b) और आईटी नियम, 2021 का हवाला दिया है।
सरकार को किस बात की चिंता है?
नोटिस के अनुसार, BitChat ऐसा प्लेटफॉर्म है जो Bluetooth Mesh Network के जरिए बिना मोबाइल नेटवर्क, इंटरनेट या किसी केंद्रीय सर्वर के संदेश भेज सकता है। सरकार का कहना है कि ऐसी तकनीक का इस्तेमाल इंटरनेट बंद होने के दौरान भी किया जा सकता है, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संचार की निगरानी और जांच प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
सरकारी नोटिस में यह भी कहा गया है कि ऐसी विकेंद्रीकृत (Decentralised) संचार प्रणाली का दुरुपयोग अवैध गतिविधियों, हिंसक प्रदर्शनों, गलत सूचना फैलाने और आपराधिक साजिशों के लिए किया जा सकता है।
क्या प्रदर्शनकारियों ने BitChat का इस्तेमाल किया था?
दिल्ली में हाल के छात्र प्रदर्शनों के दौरान मोबाइल इंटरनेट सेवाएं सीमित किए जाने के बाद कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा Bluetooth आधारित मैसेजिंग ऐप्स के इस्तेमाल की चर्चा सामने आई थी। हालांकि, अब तक किसी सरकारी एजेंसी ने आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि नहीं की है कि प्रदर्शनकारियों ने विशेष रूप से BitChat का ही इस्तेमाल किया था। पुलिस विभिन्न डिजिटल पहलुओं की जांच कर रही है।
क्या है BitChat?
BitChat एक ओपन-सोर्स, विकेंद्रीकृत मैसेजिंग ऐप है, जिसे Jack Dorsey ने विकसित किया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह:
- इंटरनेट या मोबाइल नेटवर्क के बिना काम करता है।
- Bluetooth Low Energy (BLE) Mesh Network का उपयोग करता है।
- किसी फोन नंबर या अकाउंट की जरूरत नहीं होती।
- संदेश एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड होते हैं।
- कोई केंद्रीय सर्वर या क्लाउड स्टोरेज इस्तेमाल नहीं करता।
GitHub की ओर से अभी नहीं आया जवाब
सरकार के निर्देश के बाद GitHub की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं Jack Dorsey द्वारा साझा किए गए नोटिस के बाद यह मामला तकनीकी और कानूनी दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है। यदि GitHub सरकार के निर्देश का पालन करता है, तो भारत में BitChat के सोर्स कोड तक पहुंच सीमित हो सकती है।