{"vars":{"id": "130921:5012"}}

चीन में बैठे भारतीय डॉक्टर ने हैदराबाद में की रोबोटिक सर्जरी, 3000 किमी दूर से ऑपरेशन कर रचा इतिहास
 

 

भारत और चीन के बीच स्वास्थ्य सेवाओं और टेलीमेडिसिन के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। भारतीय यूरोलॉजिस्ट डॉ. सैयद मोहम्मद गौस ने चीन के वुहान शहर में बैठकर हैदराबाद में मौजूद एक मरीज की सफल रोबोटिक सर्जरी कर नई मिसाल कायम की है। करीब 3000 किलोमीटर दूर से की गई इस सर्जरी को क्रॉस-बॉर्डर हेल्थकेयर में बड़ा कदम माना जा रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह सर्जरी चीन में विकसित एडवांस रोबोटिक तकनीक और हाई-स्पीड 5G नेटवर्क की मदद से पूरी की गई। लगभग 90 मिनट तक चली इस प्रक्रिया में डॉ. गौस ने वुहान स्थित टोंगजी हॉस्पिटल से हैदराबाद में मरीज के यूरेटरल रीइम्प्लांटेशन ऑपरेशन को नियंत्रित किया। इस सर्जरी में किडनी से यूरिन ब्लैडर तक जाने वाली नली को दोबारा ब्लैडर से जोड़ा गया।

ऑपरेशन से पहले वुहान और हैदराबाद के डॉक्टरों ने ऑनलाइन मरीज की मेडिकल रिपोर्ट की समीक्षा की और रोबोटिक आर्म्स की मूवमेंट का पूरा प्लान तैयार किया। इसके बाद हैदराबाद की मेडिकल टीम ने मरीज को एनेस्थीसिया देकर ऑपरेशन थिएटर में रोबोटिक उपकरण तैयार किए।

अत्याधुनिक रोबोटिक सिस्टम में हाई-डेफिनिशन 3D कैमरे और सटीक सर्जिकल उपकरण लगाए गए थे, जो लाइव विजुअल्स सीधे वुहान भेज रहे थे। डॉ. गौस ने विशेष कंसोल के जरिए रोबोटिक आर्म्स को नियंत्रित करते हुए रियल टाइम 3D इमेज की मदद से पूरी सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

बताया गया कि 5G नेटवर्क के माध्यम से सर्जरी से जुड़े निर्देश केवल 200 मिलीसेकेंड में ट्रांसमिट हो रहे थे, जिससे रोबोटिक आर्म्स डॉक्टर के हाथों की गतिविधियों को लगभग तुरंत दोहरा रहे थे। सुरक्षा के मद्देनजर हैदराबाद में डॉक्टरों की टीम पूरे समय मौजूद रही, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल हस्तक्षेप किया जा सके।

यह सर्जरी इंटरनेशनल हेपेटो-पैंक्रियाटो-बिलियरी एसोसिएशन के चीनी चैप्टर की 10वीं कांग्रेस के दौरान प्रदर्शित 26 सर्जरी में शामिल थी। इसमें भारत, ब्राजील, जॉर्जिया, ग्रीस और उज्बेकिस्तान सहित कई देशों के विशेषज्ञों ने लाइव अंतरराष्ट्रीय रिमोट सर्जरी सहयोग में हिस्सा लिया।

भारत में चीन दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस उपलब्धि की जानकारी साझा की। उन्होंने इसे सीमाओं से परे जाकर जीवन बचाने वाली चिकित्सा तकनीक का उदाहरण बताया।

वहीं, टोंगजी हॉस्पिटल में सर्जरी विभाग के निदेशक चेन जियाओपिंग ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और नई संचार तकनीकें दुनिया भर की स्वास्थ्य सेवाओं को तेजी से बदल रही हैं।