Snapchat को टक्कर देने उतरा Instagram, लॉन्च किया ‘Instants’ ऐप
नई दिल्ली: Meta के स्वामित्व वाला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram एक बार फिर अपने राइवल प्लेटफॉर्म्स के पॉपुलर फीचर्स को अपनाने की रणनीति पर आगे बढ़ता दिख रहा है। शॉर्ट वीडियो के लिए TikTok से प्रेरित Reels और Snapchat से लिए गए Stories फीचर के बाद अब Instagram एक और नया फीचर ‘Instants’ लेकर आ रहा है।
‘Instants’ एक नया इमेज-शेयरिंग फीचर है, जिसके जरिए यूजर्स डिसअपीयरिंग फोटो शेयर कर सकेंगे। ये फोटो केवल एक बार देखी जा सकेगी और 24 घंटे तक ही उपलब्ध रहेगी। इस फीचर का मकसद यूजर्स को ज्यादा रियल, प्राइवेट और रियल-टाइम शेयरिंग का अनुभव देना है।
खास बात यह है कि ‘Instants’ में यूजर्स केवल ऐप के कैमरे से फोटो क्लिक करके ही शेयर कर पाएंगे। इसमें कोई एडिटिंग ऑप्शन नहीं मिलेगा और न ही कैमरा रोल से फोटो अपलोड की जा सकेगी। हालांकि, फोटो में टेक्स्ट जोड़ने की सुविधा जरूर दी गई है।
यह फीचर Instagram के ‘Shots’ कॉन्सेप्ट पर आधारित है, लेकिन इसे खासतौर पर जल्दी शेयर होने और अपने-आप गायब हो जाने वाले कंटेंट के लिए डिजाइन किया गया है। Snapchat से अलग, इसमें 24 घंटे की स्पष्ट टाइमलाइन दी गई है।
फिलहाल ‘Instants’ ऐप Google Play Store पर लिस्ट किया गया है, लेकिन भारत में उपलब्ध नहीं है। अभी इसकी टेस्टिंग Spain और Italy में की जा रही है और इसे Android व iOS दोनों प्लेटफॉर्म्स पर एक्सेस किया जा सकता है। उम्मीद है कि आने वाले समय में इसे भारत में भी लॉन्च किया जा सकता है, हालांकि कंपनी की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इससे पहले BeReal और Locket जैसे ऐप्स भी इसी तरह के ऑथेंटिक और टेम्पररी कंटेंट फीचर्स पेश कर चुके हैं।
इसके अलावा, Instagram अपने प्लेटफॉर्म पर छोटे लेकिन अहम अपडेट्स भी ला रहा है। हाल ही में कंपनी ने कमेंट एडिट करने का फीचर शुरू किया है, जिसमें यूजर्स को पोस्ट के बाद 15 मिनट तक कमेंट सुधारने का मौका मिलता है। साथ ही, भारत में Teen Accounts जैसे फीचर्स भी लॉन्च किए गए हैं, जो यूजर्स की सुरक्षा और पेरेंटल कंट्रोल को बेहतर बनाते हैं।
कुल मिलाकर, ‘Instants’ के जरिए Instagram एक बार फिर सोशल मीडिया की बदलती ट्रेंड्स के साथ खुद को अपडेट करने की कोशिश में है।