Instagram ला सकता है ‘Instagram Plus’ सब्सक्रिप्शन: Stories के लिए मिलेंगे प्रीमियम फीचर्स
नई दिल्ली: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram एक नए पेड सब्सक्रिप्शन ‘Instagram Plus’ की टेस्टिंग कर रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह फीचर खास तौर पर Instagram Stories पर फोकस करेगा और यूजर्स को कई एडवांस टूल्स उपलब्ध कराएगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, Instagram Plus में यूजर्स अपनी Stories की ऑडियंस को बेहतर तरीके से मैनेज कर पाएंगे, रीवॉच इनसाइट्स देख सकेंगे और Stories की समय सीमा 24 घंटे से ज्यादा बढ़ा सकेंगे। इसके अलावा, यूजर्स को अपनी स्टोरी की विजिबिलिटी और एंगेजमेंट बढ़ाने के लिए नए इंटरैक्शन ऑप्शन भी मिलेंगे।
सोशल मीडिया कंसल्टेंट Matt Navarra ने Threads पर पोस्ट कर बताया कि Instagram Plus कुछ हद तक Snapchat के ‘Snapchat Plus’ जैसा हो सकता है। फिलहाल इसकी टेस्टिंग फिलीपींस में की जा रही है, जहां इसकी कीमत PHP 65 (करीब 100 रुपये प्रति माह) बताई गई है। यूजर्स को एक महीने का फ्री ट्रायल भी मिल सकता है।
इस सब्सक्रिप्शन में यूजर्स को अपनी Stories अलग-अलग ग्रुप्स के साथ शेयर करने, व्यूअर्स को सर्च करने और स्टोरी पोस्ट करने से पहले प्रीव्यू देखने का विकल्प मिलेगा। खास बात यह है कि प्रीव्यू देखने पर यूजर का नाम व्यूअर लिस्ट में नहीं दिखेगा। इसके अलावा, यूजर्स यह भी जान पाएंगे कि उनकी स्टोरी को कितनी बार दोबारा देखा गया है।
Instagram Plus के तहत यूजर्स हर हफ्ते एक स्टोरी को ‘Spotlight’ में डाल सकेंगे, जिससे उसकी पहुंच बढ़ेगी। साथ ही ‘Superlike’ और ‘Super Hearts’ जैसे फीचर्स भी दिए जा सकते हैं, जिससे यूजर्स अपनी प्रतिक्रिया ज्यादा प्रभावी तरीके से दे पाएंगे।
हालांकि, कंपनी ने अभी तक Instagram Plus को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है और यह साफ नहीं है कि इसे कब तक वैश्विक स्तर पर लॉन्च किया जाएगा। यह फिलहाल टेस्टिंग फेज में है और सीमित देशों में ही उपलब्ध है।
इसी बीच, Instagram ने यह भी घोषणा की है कि वह 8 मई से एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड चैट्स का सपोर्ट बंद कर देगा। इसके बाद यूजर्स अपने पुराने एन्क्रिप्टेड मैसेज एक्सेस नहीं कर पाएंगे, इसलिए कंपनी ने उन्हें समय रहते अपना डेटा डाउनलोड करने की सलाह दी है।