क्या Microsoft पर हुआ था साइबर अटैक? Outlook और Teams ठप होने पर कंपनी ने बताई पूरी सच्चाई
Microsoft 365, Outlook और Teams की सेवाएं दुनियाभर में 11 घंटे से ज्यादा समय तक प्रभावित रहीं। साइबर अटैक की आशंकाओं के बीच Microsoft ने बताया कि सर्वर कॉन्फिगरेशन और ऑटोमेटेड हेल्थ चेक में गड़बड़ी के कारण आउटेज हुआ। जानिए कंपनी ने इस समस्या को लेकर क्या जानकारी दी।
Microsoft की कई लोकप्रिय सेवाएं अचानक ठप होने से दुनियाभर में लाखों यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। Microsoft 365, Outlook और Teams जैसी सेवाएं 11 घंटे से ज्यादा समय तक प्रभावित रहीं। इस दौरान सोशल मीडिया पर साइबर अटैक की आशंका जताई जाने लगी। हालांकि, Microsoft ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि फिलहाल इस गड़बड़ी के पीछे किसी साइबर हमले या दुर्भावनापूर्ण गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। कंपनी के मुताबिक, सर्वर की तकनीकी गड़बड़ी और कॉन्फिगरेशन से जुड़ी समस्या के कारण सेवाएं प्रभावित हुईं।
क्या Microsoft पर हुआ था साइबर अटैक?
Microsoft की सेवाएं बाधित होने के बाद यूजर्स के बीच सबसे बड़ा सवाल यही था कि क्या कंपनी साइबर हमले का शिकार हुई है? Microsoft के एग्जीक्यूटिव चार्ल्स लामाना ने इस पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि कंपनी को ग्राहकों को हुई परेशानी का अफसोस है और समस्या को ठीक करने के लिए काम किया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं है, जिससे यह साबित हो कि आउटेज किसी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि या साइबर अटैक की वजह से हुआ है। यानी कंपनी ने शुरुआती जांच के आधार पर साइबर हमले की आशंका को खारिज किया।
सर्वर की कॉन्फिगरेशन में गड़बड़ी बनी परेशानी की वजह
Microsoft के आधिकारिक 365 स्टेटस पेज के मुताबिक, यह समस्या सर्वर की कॉन्फिगरेशन से जुड़ी थी। कंपनी ने बताया कि कुछ सर्वर ऑटोमेटेड हेल्थ चेक में फेल हो रहे थे, जिसके कारण वे उपलब्ध नहीं हो पा रहे थे।
दरअसल, Microsoft के सर्वर पर नियमित रूप से ऑटोमेटेड हेल्थ चेक किए जाते हैं। इन जांचों के जरिए पता लगाया जाता है कि सर्वर इंटरनेट ट्रैफिक संभालने की स्थिति में हैं या नहीं। जब कई सर्वर इन जांचों में फेल हुए तो वे नेटवर्क से बाहर हो गए।
इसका असर बाकी सक्रिय सर्वरों पर पड़ा। प्रभावित सर्वरों का ट्रैफिक दूसरे सर्वरों की तरफ जाने लगा, जिससे उन पर भी अतिरिक्त दबाव बढ़ गया। इसी वजह से Microsoft की कई सेवाओं में एक साथ दिक्कत आने लगी।
AWS ने भी गड़बड़ी से किया इनकार
शुरुआत में Microsoft की सेवाएं बंद होने के पीछे Amazon Web Services (AWS) की समस्या होने की अटकलें भी लगाई जा रही थीं। हालांकि, AWS ने इन खबरों को खारिज कर दिया।
कंपनी ने कहा कि उसकी सेवाएं सामान्य रूप से काम कर रही थीं। इंटरनेट पर किसी दूसरी जगह आई गड़बड़ी के कारण AWS को लेकर गलत खबरें सामने आ रही हैं। इस बयान के बाद Microsoft के आउटेज के पीछे AWS की भूमिका होने की आशंका भी दूर हो गई।
Outlook, Teams और Copilot समेत कई सेवाएं हुईं प्रभावित
Microsoft के इस ग्लोबल आउटेज का असर केवल ईमेल सेवाओं तक सीमित नहीं रहा। Outlook यूजर्स अपने मेलबॉक्स तक नहीं पहुंच पा रहे थे। वहीं, Microsoft 365 के कई ऐप्स में फाइल एक्सेस करने में भी परेशानी आई।
इस दौरान प्रभावित सेवाओं में शामिल थीं:
-Microsoft Outlook: यूजर्स को ईमेल और मेलबॉक्स एक्सेस करने में दिक्कत हुई।
-Microsoft Teams: कुछ यूजर्स को ऐप इस्तेमाल करने और कनेक्टिविटी में परेशानी आई।
-Microsoft Office और 365: Word, Excel और अन्य ऑफिस सेवाओं में भी समस्याएं सामने आईं।
-Microsoft Copilot: कंपनी के AI टूल को इस्तेमाल करने और उससे फाइल एक्सेस करने में दिक्कत हुई।
-Microsoft 365 Admin Centre: कुछ यूजर्स के लिए एडमिन सेंटर भी लोड नहीं हो रहा था।
इस आउटेज का असर दुनियाभर के कारोबार, सरकारी विभागों, स्कूलों और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ा। भारत में इंडिगो एयरलाइन के अलावा AI कंपनियां OpenAI और Anthropic भी प्रभावित हुईं।
Microsoft को सेवाएं बहाल करने में क्यों लग रहा था समय?
Microsoft के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 7:30 बजे तक ज्यादातर बची हुई समस्याएं Exchange Online से जुड़ी थीं। यह वही ईमेल सेवा है, जिस पर Outlook काम करता है।
कंपनी ने समस्या दूर करने के लिए सर्वर की कॉन्फिगरेशन में बदलाव तैयार किया और पहले कुछ सर्वरों पर उसका परीक्षण किया। इसके साथ ही हाल में किए गए नेटवर्क कॉन्फिगरेशन बदलाव को वापस लेने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
हालांकि, सर्वर दोबारा ऑनलाइन आने के बाद उन पर ट्रैफिक बढ़ने से वे फिर अनुत्तरदायी होने लगे। इस वजह से सेवाओं को पूरी तरह सामान्य करने में अपेक्षा से अधिक समय लगा।
Microsoft ने कहा कि वह सर्वर की रिकवरी के साथ ट्रैफिक को बेहतर तरीके से मैनेज करने और नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के लिए दूसरे विकल्पों पर भी काम कर रहा है।
कंपनी के सामने चुनौती सिर्फ सर्वर को दोबारा चालू करने की नहीं थी, बल्कि सेवाओं को स्थिर बनाए रखते हुए यूजर्स की बढ़ती मांग को संभालने की भी थी।