AI शॉपिंग का नया दौर: Google ने लॉन्च किए स्मार्ट फीचर्स, मिनटों में मिलेगा बेस्ट प्रोडक्ट
Mumbai : गूगल ने भारत में अपने यूजर्स के लिए AI से लैस नए शॉपिंग फीचर्स लॉन्च किए हैं, जो ऑनलाइन खरीदारी के अनुभव को पहले से ज्यादा आसान और स्मार्ट बनाने का दावा करते हैं। ये फीचर्स Google Gemini ऐप, सर्च के AI मोड और ‘Circle to Search’ में उपलब्ध होंगे।
Gemini ऐप से बदलेगा शॉपिंग अनुभव
अब Gemini ऐप केवल चैटिंग तक सीमित नहीं रहेगा। यूजर्स अब सीधे चैट के दौरान ही प्रोडक्ट सर्च, तुलना और खरीदारी कर सकेंगे। इस फीचर के जरिए अलग-अलग वेबसाइट्स की लिस्टिंग, कीमतों की तुलना, डायरेक्ट खरीद लिंक और भरोसेमंद जानकारी एक ही जगह पर मिल जाएगी।
ऐसे करें स्मार्ट शॉपिंग
यूजर्स Gemini ऐप में अपनी जरूरत सामान्य भाषा में लिख सकते हैं, जैसे—“शादी के लिए आउटफिट सुझाओ” या “गिफ्ट आइडियाज बताओ”। AI इसके आधार पर सुझाव देता है, जिनमें कीमत और खरीद विकल्प भी शामिल होते हैं। जरूरत पड़ने पर यूजर आगे सवाल पूछकर विकल्प और बेहतर बना सकते हैं।
Google सर्च के AI मोड में भी बदलाव
Google Search के AI मोड को भी अपग्रेड किया गया है। अब यूजर्स को विजुअल रिजल्ट, कीमत, स्टॉक और उपलब्धता की जानकारी एक साथ मिलेगी। अगर दो प्रोडक्ट्स में कन्फ्यूजन हो, तो AI खुद तुलना तालिका बनाकर अंतर समझा देगा। फिलहाल यह फीचर अंग्रेजी में उपलब्ध है, लेकिन जल्द ही हिंदी में भी आने की संभावना है।
Circle to Search हुआ और स्मार्ट
Google का ‘Circle to Search’ फीचर अब और ज्यादा एडवांस हो गया है। यूजर्स स्क्रीन पर दिख रहे किसी भी प्रोडक्ट को सर्कल या टैप करके उससे जुड़े प्रोडक्ट्स और खरीद विकल्प तुरंत देख सकते हैं। इससे सोशल मीडिया या किसी वेबसाइट पर पसंद आए प्रोडक्ट को ढूंढना आसान हो गया है।
यूजर्स को मिलेगा फायदा
इन नए AI फीचर्स का मकसद यूजर्स को कम समय में बेहतर निर्णय लेने में मदद करना है। कंपनी का कहना है कि इससे बार-बार अलग-अलग वेबसाइट्स पर जाने की जरूरत खत्म होगी और खरीदारी का पूरा प्रोसेस सरल हो जाएगा।