WhatsApp से ही भरें बिजली-पानी और गैस का बिल, अब अलग ऐप खोलने की जरूरत नहीं, जानें पूरा तरीका
अब WhatsApp सिर्फ चैटिंग और कॉलिंग तक सीमित नहीं रह गया है। जल्द ही आप इसी ऐप के जरिए बिजली, पानी, गैस, FASTag, इंश्योरेंस और क्रेडिट कार्ड समेत कई जरूरी बिलों का भुगतान भी कर सकेंगे। इसके लिए बार-बार किसी दूसरे ऐप पर जाने की जरूरत नहीं होगी।
Meta के WhatsApp ने भारत में बिल पेमेंट की सुविधा को और आसान बनाने के लिए Bharat Connect (BBPS) नेटवर्क के साथ साझेदारी की है। इस सुविधा के जरिए यूजर्स करीब 30 तरह के बिलों का भुगतान कर सकेंगे। इसमें 22,700 से ज्यादा बिलर्स शामिल हैं।
WhatsApp पर कौन-कौन से बिल भर सकेंगे?
WhatsApp के जरिए बिजली, पानी और गैस के बिल के अलावा FASTag रिचार्ज, इंश्योरेंस प्रीमियम, क्रेडिट कार्ड बिल और लोन की किस्त जैसे भुगतान भी किए जा सकेंगे। यानी रोजमर्रा के कई जरूरी पेमेंट एक ही प्लेटफॉर्म से करना आसान हो जाएगा।
कंपनी ऐसे फीचर पर भी काम कर रही है, जिसकी मदद से यूजर्स अपने पुराने बिल और पहले किए गए पेमेंट का रिकॉर्ड आसानी से देख सकेंगे।
बिना WhatsApp छोड़े ऐसे करें बिल का भुगतान
बिल पेमेंट के लिए WhatsApp की होम स्क्रीन पर ऊपर दिए गए ₹ आइकन पर टैप करके Payments सेक्शन में जाना होगा। इसके बाद आपको जिस तरह का बिल भरना है, उसकी कैटेगरी चुननी होगी और संबंधित सर्विस प्रोवाइडर यानी बिलर को सर्च करना होगा।
इसके बाद मांगी गई अकाउंट डिटेल दर्ज करनी होगी। जानकारी सही होने पर WhatsApp आपके सामने बकाया बिल की रकम दिखाएगा। पेमेंट करने से पहले आप बिल की पूरी जानकारी चेक कर सकेंगे।
भुगतान के लिए उपलब्ध विकल्पों में UPI, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड शामिल हैं। पसंदीदा माध्यम चुनने के बाद पेमेंट कन्फर्म किया जा सकेगा।
पुराने बिलर्स दोबारा खोजने की जरूरत नहीं
WhatsApp बिल पेमेंट को सिर्फ भुगतान तक सीमित नहीं रख रहा है, बल्कि इसे मैनेज करना भी आसान बनाया जा रहा है। जिन बिलर्स के यहां आप पहले पेमेंट कर चुके हैं, वे Payments Home स्क्रीन पर आसानी से दिखाई दे सकते हैं।
इसका फायदा यह होगा कि हर महीने बिजली या पानी का बिल भरते समय आपको बार-बार बिलर का नाम सर्च नहीं करना पड़ेगा। एक ही बिलर के कई अकाउंट भी जोड़े जा सकेंगे।
उदाहरण के लिए, अगर आपके घर और ऑफिस के बिजली कनेक्शन अलग-अलग हैं या परिवार के किसी सदस्य का बिल भी आप भरते हैं, तो एक ही बिलर के कई अकाउंट जोड़कर उन्हें आसानी से मैनेज किया जा सकेगा।
इसके अलावा, जिन बिल कैटेगरी का आप अक्सर इस्तेमाल करते हैं, वे Payments Home स्क्रीन पर आसानी से उपलब्ध हो सकती हैं। किसी दूसरी कैटेगरी का बिल भरना हो तो 'See All' विकल्प के जरिए सभी उपलब्ध बिल कैटेगरी देखी जा सकेंगी।
WhatsApp पर बिल कैसे भरें?
- सबसे पहले WhatsApp खोलें।
- होम स्क्रीन पर ऊपर दिए गए ₹ आइकन पर टैप करें।
- अब जिस बिल का भुगतान करना है, उसकी कैटेगरी और बिलर चुनें।
- मांगी गई अकाउंट डिटेल दर्ज करके उसे कन्फर्म करें।
- स्क्रीन पर दिखाई गई बिल की रकम और दूसरी जानकारी ध्यान से जांच लें।
- इसके बाद UPI, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड में से पेमेंट का तरीका चुनें।
- आखिर में पेमेंट कन्फर्म कर दें।
इस सुविधा के आने के बाद WhatsApp पर जरूरी बिलों का भुगतान करना पहले के मुकाबले काफी आसान हो सकता है। खासकर उन लोगों के लिए यह सुविधा उपयोगी होगी, जो अलग-अलग बिलों के लिए कई ऐप इस्तेमाल करने के बजाय एक ही जगह से अपने भुगतान मैनेज करना पसंद करते हैं।