Republic Day धमाका: BSNL ने लॉन्च किया 365 दिन वाला ‘भारत कनेक्ट 26’ प्लान, जानिए कीमत
New Delhi : भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL ने अपने ग्राहकों के लिए एक खास तोहफा पेश किया है। कंपनी ने ‘BSNL भारत कनेक्ट 26’ नाम से एक नया लंबी वैलिडिटी वाला प्रीपेड रिचार्ज प्लान लॉन्च किया है। यह प्लान सीमित समय के लिए उपलब्ध रहेगा और कम कीमत में पूरे साल की सुविधा देने का दावा करता है।
सोशल मीडिया के जरिए किया गया ऐलान
BSNL ने इस रिपब्लिक डे स्पेशल प्लान की जानकारी अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर साझा की। कंपनी के मुताबिक, यह प्लान उन यूजर्स के लिए लाया गया है जो कम खर्च में सालभर बिना रिचार्ज की चिंता के मोबाइल सेवाओं का इस्तेमाल करना चाहते हैं।
क्या है BSNL भारत कनेक्ट 26 प्लान?
BSNL का यह नया प्लान 2,626 रुपये की कीमत पर उपलब्ध है। इसमें यूजर्स को
- 365 दिनों की वैलिडिटी
- अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग
- रोजाना 100 SMS
- 2.6GB डेली डेटा
की सुविधा मिलती है। खास बात यह है कि जहां दूसरी कंपनियां 2.5GB डेली डेटा देती हैं, वहीं BSNL इस प्लान में थोड़ा ज्यादा डेटा ऑफर कर रहा है।
कब तक मिलेगा यह ऑफर?
BSNL के अनुसार, भारत कनेक्ट 26 प्लान 24 जनवरी से 24 फरवरी 2026 तक ही उपलब्ध रहेगा। इसके बाद कंपनी इस प्लान को बंद कर सकती है। इस नए प्लान के लॉन्च के बाद BSNL के पास अब तीन ऐसे प्रीपेड प्लान हो गए हैं जिनकी वैलिडिटी पूरे एक साल की है। इससे लॉन्ग-टर्म यूजर्स को अब ज्यादा विकल्प मिलेंगे।
Jio के सालाना प्लान से मुकाबला
वहीं, Jio के पास भी 3,999 रुपये और 3,599 रुपये के दो सालाना प्लान मौजूद हैं।
- 3,999 रुपये वाले प्लान में अनलिमिटेड 5G, रोजाना 2.5GB डेटा, 100 SMS, कॉलिंग के साथ JioHotstar (3 महीने), FanCode, और Google Gemini Pro (18 महीने) का सब्सक्रिप्शन मिलता है।
- 3,599 रुपये वाले प्लान में FanCode को छोड़कर बाकी सभी बेनिफिट समान हैं।
कम कीमत और लंबी वैलिडिटी के चलते BSNL का भारत कनेक्ट 26 प्लान उन यूजर्स के लिए एक मजबूत विकल्प बनकर सामने आया है, जो बजट में सालभर का रिचार्ज चाहते हैं।