{"vars":{"id": "130921:5012"}}

माइक्रोसॉफ्ट के कई सर्वर अचानक हुए अनुपलब्ध, Outlook से Teams तक कैसे पहुँचा खराबी का असर?
 

 

नई दिल्ली। माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सेवाओं में 12 नवंबर की रात आई तकनीकी खराबी से भारत समेत कई देशों में यूजर्स को आउटलुक का इनबॉक्स खोलने और ईमेल भेजने या प्राप्त करने में दिक्कत हुई। माइक्रोसॉफ्ट 365 के तहत आने वाले टीम्स और कोपायलट के कुछ फीचर भी प्रभावित हुए। शुक्रवार सुबह तक भारत में भी आउटलुक से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। 

ट्रैफिक नहीं बढ़ा, कम पड़ गए काम करने वाले सर्वर

माइक्रोसॉफ्ट की शुरुआती जांच में पता चला कि यूजर्स की ओर से आने वाली रिक्वेस्ट में अचानक बढ़ोतरी नहीं हुई थी। इसके बजाय, कई सर्वर एक साथ अनुपलब्ध हो गए और उनका काम बाकी सर्वरों पर आ गया। इस अतिरिक्त दबाव के चलते कुछ सर्वर यूजर्स की रिक्वेस्ट का जवाब नहीं दे पाए।

कंपनी के मुताबिक, प्रभावित सर्वर ऑटोमैटिक हेल्थ चेक में फेल हो रहे थे। इन जांचों से पता चलता है कि कोई सर्वर काम संभालने की स्थिति में है या नहीं। कंपनी ने आशंका जताई कि जांच से जुड़े एक सॉफ्टवेयर हिस्से में हाल में किए गए बदलाव का खराबी से संबंध हो सकता है। हालांकि, इसे अंतिम वजह के तौर पर पुष्टि नहीं मिली थी। 

आउटलुक की खराबी का असर टीम्स और कोपायलट तक कैसे पहुँचा?

आउटलुक की ईमेल और कैलेंडर सुविधाएं माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सेवा एक्सचेंज ऑनलाइन पर निर्भर हैं। टीम्स में कैलेंडर देखने और मीटिंग शेड्यूल करने जैसे फीचर भी इसी सेवा का इस्तेमाल करते हैं। इसलिए एक्सचेंज ऑनलाइन में दिक्कत आने पर ये फीचर प्रभावित हुए, जबकि टीम्स की सामान्य मैसेजिंग और ऑनलाइन मीटिंग जैसी सुविधाएं बड़े पैमाने पर काम करती रहीं। कुछ यूजर्स को माइक्रोसॉफ्ट 365 कोपायलट में चैट खोलने या काम से जुड़े ईमेल और कैलेंडर की जानकारी पाने में भी परेशानी हुई।
ओपनएआई और एंथ्रोपिक ने भी अपने माइक्रोसॉफ्ट 365 कनेक्टर में दिक्कत की जानकारी दी। ये कनेक्टर चैटजीपीटी और क्लॉड को माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं से जोड़ते हैं। समस्या इनसे जुड़ी सुविधाओं में थी, दोनों एआई सेवाएं पूरी तरह बंद नहीं हुई थीं। 

कुछ सर्वर लौटे, पूरी बहाली की पुष्टि नहीं

माइक्रोसॉफ्ट ने प्रभावित सर्वरों को रीस्टार्ट किया और जहां संभव था, कनेक्शन ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों पर भेजा। कंपनी के मुताबिक, कुछ सर्वर वापस चालू हुए, लेकिन ट्रैफिक लौटने पर उनमें से कुछ ने फिर जवाब देना बंद कर दिया। इसके बाद कंपनी ने कुछ सर्वरों को पुराने सॉफ्टवेयर कॉन्फिगरेशन के साथ दोबारा तैयार करना शुरू किया। शुक्रवार सुबह उपलब्ध अपडेट तक सभी प्रभावित सेवाओं की पूरी बहाली की पुष्टि नहीं हुई थी।

माइक्रोसॉफ्ट के कई सर्वर अचानक अनुपलब्ध होने से भारत समेत कई देशों में Outlook, Teams और Copilot के कुछ फीचर प्रभावित हुए। कंपनी के मुताबिक, यूजर ट्रैफिक नहीं बढ़ा था। सर्वर कम पड़ने से बाकी सर्वरों पर दबाव बढ़ा।