{"vars":{"id": "130921:5012"}}

WhatsApp Web यूजर्स सावधान! कोई पढ़ सकता है आपके निजी चैट, गृह मंत्रालय ने जारी की चेतावनी

 

अगर आप ऑफिस, साइबर कैफे या किसी दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते हैं, तो थोड़ी सी लापरवाही आपको मुसीबत में डाल सकती है। गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले Indian Cyber Crime Coordination Centre (I4C) ने WhatsApp Web यूजर्स को अकाउंट के गलत इस्तेमाल को लेकर चेतावनी दी है। साइबर अपराधी कंप्यूटर पर एक्टिव लॉगिन सेशन का फायदा उठाकर आपकी निजी चैट पढ़ सकते हैं और आपके अकाउंट से दूसरों को मैसेज भेजकर ठगी भी कर सकते हैं। ऐसे में केवल ब्राउजर बंद करना काफी नहीं है, बल्कि WhatsApp Web से बाकायदा लॉगआउट करना जरूरी है।

कैसे खतरे में पड़ सकती हैं आपकी निजी चैट?

I4C की National Cybercrime Threat Analytics Unit (NCTAU) ने 18 नवंबर को जारी एडवाइजरी में बताया कि WhatsApp Web का एक्टिव लॉगिन सेशन कुछ परिस्थितियों में अनधिकृत लोगों के हाथ लग सकता है। खासकर साझा या सार्वजनिक कंप्यूटर पर WhatsApp लॉगिन करके छोड़ देना अकाउंट की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।

जब आप WhatsApp Web पर QR कोड स्कैन करके लॉगिन करते हैं, तो कंप्यूटर पर एक एक्टिव सेशन बन जाता है। अगर आप बिना लॉगआउट किए कंप्यूटर छोड़ देते हैं और उस सिस्टम का इस्तेमाल कोई दूसरा व्यक्ति करता है, तो वह आपके अकाउंट तक पहुंच सकता है।

इस स्थिति में साइबर अपराधी आपकी निजी और ग्रुप चैट पढ़ने के साथ-साथ आपके अकाउंट से मैसेज भी भेज सकते हैं। इतना ही नहीं, आपकी पहचान का इस्तेमाल कर दोस्तों या रिश्तेदारों से पैसों की मांग की जा सकती है। फर्जी लिंक भेजकर दूसरों को ठगी का शिकार बनाने और आपकी बातचीत या कॉन्टैक्ट्स से जुड़ी जानकारी का गलत इस्तेमाल करने का भी खतरा रहता है।

WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय इन सावधानियों का रखें ध्यान

अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए कुछ छोटी-छोटी सावधानियां काफी हद तक जोखिम कम कर सकती हैं।

  • हर बार लॉगआउट करें: WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद केवल ब्राउजर बंद न करें, बल्कि अकाउंट से मैन्युअल रूप से लॉगआउट करें।

  • पब्लिक कंप्यूटर पर लॉगिन करने से बचें: साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर या सार्वजनिक कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने से बचना बेहतर है।

  • संवेदनशील जानकारी साझा न करें: सार्वजनिक या साझा कंप्यूटर पर सरकारी दस्तावेज, बैंकिंग जानकारी, ऑफिस के गोपनीय डेटा और निजी जानकारियों को साझा करने से बचें।

  • Incognito मोड अपनाएं: किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो प्राइवेट ब्राउजिंग मोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, इससे लॉगआउट करने की जरूरत खत्म नहीं होती।

  • अकाउंट की गतिविधियों पर नजर रखें: अगर आपके अकाउंट से कोई ऐसा मैसेज भेजा गया है जो आपने नहीं किया, तो तुरंत अपने लिंक्ड डिवाइस की जांच करें।

  • सिस्टम अपडेट रखें: कंप्यूटर का ब्राउजर, ऑपरेटिंग सिस्टम और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखें। अनजान फाइल डाउनलोड करने और संदिग्ध लिंक खोलने से बचें।

फोन से भी कर सकते हैं WhatsApp Web लॉगआउट

अगर आप किसी दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन करके भूल गए हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आप अपने मोबाइल से भी उस कंप्यूटर का कनेक्शन हटा सकते हैं।

इसके लिए ये स्टेप्स अपनाएं:

  1. अपने फोन में WhatsApp खोलें।

  2. Android यूजर्स ऊपर दाईं ओर तीन डॉट पर क्लिक करके Linked Devices में जाएं। वहीं iPhone यूजर्स Settings में जाकर Linked Devices खोलें।

  3. यहां आपके WhatsApp अकाउंट से जुड़े सभी डिवाइस दिखाई देंगे।

  4. जिस कंप्यूटर या डिवाइस से लॉगआउट करना है, उसे चुनें।

  5. Log out पर क्लिक करते ही उस डिवाइस से आपका WhatsApp कनेक्शन हट जाएगा।

साइबर ठगी होने पर कहां करें शिकायत?

अगर आपको लगता है कि आपके WhatsApp अकाउंट का इस्तेमाल किसी दूसरे व्यक्ति ने किया है या उसके जरिए साइबर ठगी हुई है, तो तुरंत अपने लिंक्ड डिवाइस की जांच करें और अनजान डिवाइस को लॉगआउट करें।

साइबर ठगी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा भारत सरकार के आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

याद रखें, WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद लॉगआउट करने की कुछ सेकंड की सावधानी आपकी निजी चैट, पहचान और दोस्तों-रिश्तेदारों को साइबर ठगी से बचा सकती है।

Do you like this personality?