WhatsApp को मिलेगी कड़ी टक्कर! Zoho के Arattai में आया आधार वेरिफिकेशन, फर्जी अकाउंट्स पर लगेगी रोक
नई दिल्ली। डिजिटल दौर में बढ़ते स्पैम मैसेज, फेक प्रोफाइल और ऑनलाइन पहचान की चोरी जैसी समस्याओं को देखते हुए भारतीय टेक कंपनी Zoho ने अपने मैसेजिंग ऐप Arattai में बड़ा सिक्योरिटी अपडेट जारी किया है। WhatsApp को टक्कर देने की दिशा में आगे बढ़ते हुए Arattai अब यूजर्स को आधार ऐप आधारित आइडेंटिटी वेरिफिकेशन की सुविधा देगा।
कंपनी का दावा है कि यह नया फीचर फर्जी अकाउंट्स और डिजिटल पहचान की चोरी पर रोक लगाने में मदद करेगा। यूजर्स अपनी इच्छा से आधार ऐप के जरिए वेरिफिकेशन पूरा कर सकेंगे। वेरिफिकेशन के बाद प्रोफाइल पर एक परमानेंट ग्रीन बैज दिखाई देगा, जिससे दूसरे यूजर्स को भरोसेमंद प्रोफाइल की पहचान करने में आसानी होगी।
आधार वेरिफिकेशन पूरी तरह ऑप्शनल
Arattai का नया वेरिफिकेशन सिस्टम अनिवार्य नहीं होगा। यूजर्स अपनी प्रोफाइल सेटिंग्स में जाकर "Get Verified" विकल्प चुन सकते हैं और आधार ऐप के जरिए प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
Zoho के मुताबिक, वेरिफिकेशन प्रक्रिया के दौरान यूजर का कोई भी आधार डेटा कंपनी के सर्वर पर स्टोर नहीं किया जाएगा। Arattai पर पहले से ही सामान्य वेरिफाइड प्रोफाइल के लिए ब्लू बैज और सरकारी आधिकारिक अकाउंट्स के लिए ग्रे बैज उपलब्ध है।
सिर्फ वेरिफाइड यूजर्स से मैसेज लेने का विकल्प
नए अपडेट के बाद यूजर्स अपनी प्राइवेसी सेटिंग्स में बदलाव कर सकते हैं। इसमें वे यह तय कर पाएंगे कि उन्हें केवल वेरिफाइड यूजर्स से ही मैसेज प्राप्त हों। इससे अनजान लोगों के स्पैम और फर्जी मैसेज को कम करने में मदद मिलेगी।
Arattai में आए नए प्राइवेसी फीचर्स
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन
अब पर्सनल चैट और ब्रॉडकास्ट मैसेज पूरी तरह एन्क्रिप्टेड होंगे, जिससे बातचीत को ज्यादा सुरक्षित बनाया जा सकेगा।
एन्क्रिप्टेड चैट बैकअप
यूजर्स Google Drive और iCloud पर सेव चैट बैकअप को पासवर्ड या रिकवरी कोड के जरिए सुरक्षित रख सकेंगे।
फोन नंबर छिपाने का फीचर
Hide Phone Number फीचर के जरिए पब्लिक ग्रुप्स में शामिल अनजान लोगों से अपना मोबाइल नंबर छिपाया जा सकेगा।
क्लिक-टू-चैट लिंक
बिजनेस यूजर्स अब अपनी वेबसाइट से सीधे ग्राहकों के साथ चैट शुरू करने के लिए क्लिक-टू-चैट लिंक बना सकेंगे।
वेटिंग रूम और स्क्रीन सिक्योरिटी
ऑनलाइन मीटिंग्स के लिए वेटिंग रूम फीचर और स्क्रीन शेयरिंग के दौरान इंटरफेस को ब्लैक-आउट करने वाला Screen Security फीचर भी जोड़ा गया है।
Zoho का यह अपडेट ऐसे समय में आया है जब दुनियाभर में मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर फेक अकाउंट्स और ऑनलाइन फ्रॉड बड़ी चुनौती बने हुए हैं। Arattai का नया सिक्योरिटी सिस्टम इसे WhatsApp जैसे बड़े प्लेटफॉर्म्स के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित विकल्प बनाने की कोशिश माना जा रहा है।