भारत–EU FTA का असर बाजार में दिखा, एक्सपोर्ट कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त तेजी
Mumbai : भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का असर मंगलवार को शेयर बाजार में साफ दिखाई दिया। लंबे समय से अटकी इस ऐतिहासिक डील के बाद खासतौर पर एक्सपोर्ट से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। टेक्सटाइल और फूड सेक्टर की कुछ कंपनियों के शेयरों में 12 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई।
निवेशकों का मानना है कि एफटीए से भारतीय निर्यात को यूरोपीय बाजार में नई मजबूती मिलेगी, जिससे संबंधित कंपनियों की आय और मुनाफे में सुधार की संभावना है।
जेम्स एंड ज्वेलरी सेक्टर को मिलेगा बड़ा फायदा
भारत–ईयू समझौते के बाद जेम्स एंड ज्वेलरी सेक्टर के लिए यूरोपीय बाजार में विस्तार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है। अब तक इस सेक्टर पर लगने वाला 10 प्रतिशत टैरिफ शून्य हो जाएगा। अमेरिका द्वारा 50 प्रतिशत तक टैरिफ लगाए जाने के बाद भारतीय निर्यातकों पर दबाव बढ़ा था, ऐसे में यूरोप के साथ यह डील कारोबारियों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।
श्रम-प्रधान उद्योगों को मिलेगी मजबूती
एफटीए के लागू होने के बाद टेक्सटाइल, रेडीमेड गारमेंट्स, लेदर, फुटवियर, मरीन प्रोडक्ट्स, हस्तशिल्प, इंजीनियरिंग गुड्स और ऑटोमोबाइल जैसे श्रम-प्रधान सेक्टरों के लगभग 33 अरब डॉलर के निर्यात पर लगने वाला 10 प्रतिशत तक का टैरिफ समाप्त हो जाएगा। इससे इन उद्योगों की वैश्विक प्रतिस्पर्धा क्षमता और मजबूत होने की उम्मीद है।
इन शेयरों में दिखी तेजी
मंगलवार को बाजार में कई टेक्सटाइल और फूड सेक्टर से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई—
- गोकलदास एक्सपोर्ट्स: 5% से ज्यादा की तेजी, बीएसई पर 585 रुपये तक पहुंचा
- केपीआर मिल: करीब 3% की बढ़त
- वेल्सपन लिविंग: 3.5% उछाल, 125.25 रुपये का इंट्रा-डे हाई
- वर्धमान टेक्सटाइल्स: 5% की तेजी, 422 रुपये तक पहुंचा
- ट्रिडेंट: 4% की बढ़त, 26.42 रुपये का इंट्रा-डे हाई
फूड सेक्टर में—
- अवंति फीड्स: करीब 3% की मजबूती
- एपेक्स फ्रोजन फूड्स: सबसे ज्यादा उछाल, शेयर में 12% तक तेजी
निवेशकों की नजर आगे के संकेतों पर
विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में एफटीए के क्रियान्वयन से जुड़ी स्पष्टता के साथ ही एक्सपोर्ट आधारित शेयरों में और हलचल देखने को मिल सकती है। फिलहाल बाजार ने इस समझौते का सकारात्मक स्वागत किया है।