महंगे शहर में भी होगी बचत...बेंगलुरु के युवक ने बताए खर्च कम करने के आसान फॉर्मूले
New Delhi : महंगे शहरों में रहने वाले अधिकांश लोगों की शिकायत रहती है कि महीने के अंत तक उनकी सैलरी का बड़ा हिस्सा किराया, ट्रांसपोर्ट और रोजमर्रा के खर्चों में खत्म हो जाता है। ऐसे में बेंगलुरु के एक युवक ने बिना अपनी लाइफस्टाइल से समझौता किए खर्च कम करने के कुछ आसान तरीके साझा किए हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
बेंगलुरु निवासी ने अपने इंस्टाग्राम पेज @bangalore_viral पर एक वीडियो साझा करते हुए बताया कि कैसे छोटी-छोटी वित्तीय आदतों में बदलाव कर उन्होंने अपनी बचत बढ़ाई और गैर-जरूरी खर्चों पर नियंत्रण पाया।
अक्षय के मुताबिक, उन्होंने किसी महंगे इलाके की बजाय मेट्रो स्टेशन के पास रहने का फैसला किया। शुरुआती किराया थोड़ा अधिक जरूर था, लेकिन पेट्रोल, ऑटो और रोजाना आने-जाने के खर्च में काफी कमी आई। इससे समय की बचत हुई और मानसिक तनाव भी कम हुआ।
सुविधा के नाम पर होने वाले खर्च किए कम
उन्होंने बताया कि क्विक डिलीवरी, ऑटो सब्सक्रिप्शन और छोटी-छोटी ऑनलाइन खरीदारी धीरे-धीरे बड़ा खर्च बन जाती हैं। इसलिए उन्होंने सप्ताहांत की पहले से योजना बनानी शुरू की और अचानक होने वाले खर्चों पर नियंत्रण किया।
अक्षय का कहना है कि बिना योजना के कैफे, पब या घूमने निकलना बचत को तेजी से खत्म करता है। उन्होंने बताया कि अब वे पहले से वीकेंड प्लान बनाते हैं, जिससे अनावश्यक खर्च काफी कम हो गया है।
दिखावे की दौड़ से बनाई दूरी
वीडियो में उन्होंने बेंगलुरु के वर्क कल्चर का भी जिक्र किया, जहां लोग अक्सर दूसरों की तरह दिखने या ट्रेंड के साथ चलने के लिए जरूरत से ज्यादा खर्च करते हैं। अक्षय ने बताया कि उन्होंने बार-बार गैजेट अपग्रेड करना बंद किया और बाहर खाना खाने की बजाय घर का खाना अपनाया, जिससे न सिर्फ पैसे बचे बल्कि सेहत में भी सुधार हुआ।
अक्षय ने अपने पोस्ट के अंत में लिखा कि आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए सिर्फ बड़ी सैलरी काफी नहीं होती, बल्कि बेहतर वित्तीय आदतें और सोच-समझकर खर्च करना ज्यादा महत्वपूर्ण होता है।