फर्जी Stock Tips से कैसे बचें? SEBI ने निवेशकों को बताए धोखाधड़ी पहचानने के 11 तरीके
WhatsApp और Telegram पर फर्जी शेयर बाजार टिप्स के जरिए निवेशकों से ठगी हो रही है। SEBI ने अनरजिस्टर्ड ट्रेडिंग ग्रुप, नकली मुनाफे के दावे और नए ग्रुप के निमंत्रण को लेकर चेतावनी दी है। जानिए शेयर बाजार में निवेश से पहले धोखाधड़ी से बचने के लिए क्या सावधानियां बरतें।
शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर WhatsApp और Telegram ग्रुप के जरिए निवेशकों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। ऐसे ग्रुप में खुद को मार्केट एक्सपर्ट बताने वाले लोग शेयर खरीदने और बेचने के टिप्स देते हैं, जबकि कई बार इनका मकसद निवेशकों को गुमराह कर उनकी रकम हड़पना होता है। इसे देखते हुए बाजार नियामक SEBI ने निवेशकों को ऐसे फर्जी स्टॉक टिप्स और ट्रेडिंग कॉल से सतर्क रहने की सलाह दी है।
WhatsApp ग्रुप के जरिए कैसे हो रही है धोखाधड़ी?
SEBI के मुताबिक, कुछ अनरजिस्टर्ड लोग केवल आमंत्रण के जरिए जुड़ने वाले WhatsApp ग्रुप संचालित कर रहे हैं। इन ग्रुप में अक्सर विदेशी नंबरों का इस्तेमाल किया जाता है और शेयर बाजार से जुड़ी मुफ्त जानकारी या निवेश शिक्षा देने के नाम पर अनधिकृत Buy और Sell कॉल साझा की जाती हैं।
निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए ग्रुप में कुछ सदस्य जानबूझकर मुनाफे के दावे करते हैं और कथित मार्केट एक्सपर्ट की तारीफ करते हैं। इससे दूसरे लोगों को लगता है कि ग्रुप में दी जा रही सलाह सही है और उससे वास्तव में कमाई हो रही है। SEBI ने इस तरह भरोसा पैदा करने की रणनीति को 'Astroturfing' बताया है, जिसमें समर्थन और सफलता का कृत्रिम माहौल बनाया जाता है।
पुराने ग्रुप बंद होने पर नए ग्रुप में जोड़ने का खेल
SEBI ने धोखाधड़ी करने वाले ग्रुप संचालकों के एक अन्य तरीके को लेकर भी चेतावनी दी है। जब किसी ऐसे ग्रुप पर नियामक या जांच एजेंसियों की कार्रवाई होती है और वह बंद हो जाता है, तो सदस्यों को अक्सर नए नंबर से मैसेज भेजकर दूसरे ग्रुप में शामिल होने के लिए कहा जाता है।
मैसेज में दावा किया जा सकता है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के रिस्क कंट्रोल उपायों के कारण पुराना ग्रुप बंद हो गया है और नए ग्रुप में रोजाना शेयर बाजार की बेहतर जानकारी और ट्रेडिंग गाइडेंस दी जाएगी। SEBI ने ऐसे संदेशों को धोखाधड़ी का संकेत मानने और नए ग्रुप में शामिल होने से बचने की सलाह दी है।
SEBI ने निवेशकों को दी ये सलाह
निवेशकों को अनजान लोगों या खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताने वालों के निजी WhatsApp ग्रुप में शामिल होने से बचना चाहिए। खासकर विदेशी नंबरों से संचालित ऐसे ग्रुप में मिलने वाले शेयर टिप्स पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
ग्रुप में दूसरे सदस्यों की ओर से साझा किए गए मुनाफे के स्क्रीनशॉट, तारीफ या ट्रेडिंग की सफलता के दावों से प्रभावित नहीं होना चाहिए। ये संदेश जानबूझकर निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए पोस्ट किए जा सकते हैं।
अगर किसी ग्रुप के बंद होने या बैन होने का संदेश देकर नए ग्रुप में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाए, तो इसे खतरे का संकेत समझना चाहिए। ऐसे ग्रुप से बाहर निकलना बेहतर है।
निवेशकों को इन ग्रुप में सुझाए गए ट्रेडिंग ऐप या प्लेटफॉर्म पर अकाउंट खोलने, पैसे ट्रांसफर करने और अपनी शेयर होल्डिंग या ट्रेडिंग अकाउंट की जानकारी साझा करने से भी बचना चाहिए।
SEBI ने निवेशकों को केवल पंजीकृत मध्यस्थों के माध्यम से निवेश करने और अधिकृत ट्रेडिंग ऐप का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। निवेशक SEBI की आधिकारिक वेबसाइट पर मध्यस्थों का रजिस्ट्रेशन और ट्रेडिंग ऐप की जानकारी सत्यापित कर सकते हैं।