{"vars":{"id": "130921:5012"}}

रविवार को बैंक खुलेंगे या सिर्फ जरूरी काम होंगे? जानें RBI ने दिया क्या अपडेट

 

Mumbai : देशभर में 28 सितंबर से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। इस बीच भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने रविवार, 27 सितंबर को बैंक शाखाओं, कार्यालयों और करेंसी चेस्ट के संचालन की अनुमति दी है। RBI के इस फैसले को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने सवाल उठाए हैं।

27 सितंबर को बैंक खुलने को लेकर क्या है कंफ्यूजन?

UFBU की ओर से 23 सितंबर को जारी सर्कुलर में कहा गया है कि RBI ने इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) को पत्र भेजकर 27 सितंबर को बैंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट के संचालन के निर्देश दिए हैं।

हालांकि, बैंक यूनियनों का कहना है कि RBI के निर्देश में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि रविवार को सामान्य बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहेंगी या फिर केवल एटीएम में नकदी डालने और करेंसी चेस्ट के संचालन जैसे जरूरी काम ही किए जाएंगे।

इसी वजह से अलग-अलग बैंकों की ओर से अलग-अलग निर्देश जारी किए जाने की बात सामने आई है, जिससे कर्मचारियों के बीच ड्यूटी को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

वित्त मंत्रालय ने दी स्थिति स्पष्ट करने की जानकारी

वित्त मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि 26 और 27 सितंबर की छुट्टी को ध्यान में रखते हुए RBI ने रविवार को बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से संबंधित शाखाओं और करेंसी चेस्ट के संचालन की अनुमति दी है।

इसका उद्देश्य बैंकिंग व्यवस्था में जरूरी नकदी और अन्य आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखना है।

28 से 30 सितंबर तक क्यों होगी बैंक हड़ताल?

बैंक यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। यूनियनों की प्रमुख मांगों में बैंकों में 5 वर्किंग डे लागू करना शामिल है।

यूनियनों का कहना है कि बैंक कर्मचारियों की कमी और बढ़ते काम के बोझ को देखते हुए पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू किया जाना चाहिए। बता दें कि बाइलेटरल वेज रिवीजन एग्रीमेंट के तहत 2024 में ही 5 वर्किंग डे की व्यवस्था को मंजूरी मिल चुकी थी, लेकिन बैंक यूनियनों के मुताबिक इसे अभी तक लागू नहीं किया गया है।

ऐसे में 27 सितंबर को रविवार के दिन बैंकिंग सेवाओं को लेकर RBI के निर्देश और 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल के बीच बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों दोनों की नजर अब अगले कुछ दिनों के घटनाक्रम पर बनी हुई है।