{"vars":{"id": "130921:5012"}}

2026 में सोना चमकेगा या फिसलेगा?  वर्ल्ड बैंक की बड़ी भविष्यवाणी, पहले 37% उछाल फिर गिरावट के संकेत
 

 

नई दिल्ली: अगर आप सोने में निवेश या गहने खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो ताजा रिपोर्ट आपके फैसले को प्रभावित कर सकती है। वर्ल्ड बैंक की कमोडिटी मार्केट आउटलुक रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2026 में सोने की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिल सकती है। अनुमान है कि कीमतें पिछले साल के मुकाबले करीब 37% तक बढ़ सकती हैं, जबकि 2027 में इसमें 8.5% तक की गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

क्यों बढ़ रही हैं कीमतें?

रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव—खासतौर पर अमेरिका और ईरान के बीच टकराव—कमोडिटी बाजार को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे हालात में निवेशक सुरक्षित विकल्प के तौर पर सोने की ओर रुख करते हैं, जिससे कीमतों में उछाल आता है।

अनुमान है कि 2026 में सोना औसतन 4,700 डॉलर प्रति औंस (करीब 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम) तक पहुंच सकता है, जो 2025 के मुकाबले काफी अधिक होगा। वहीं 2027 में कीमतें घटकर औसतन 4,300 डॉलर प्रति औंस (करीब 1.31 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम) रह सकती हैं।

युद्ध और सप्लाई चेन का असर

रिपोर्ट में कहा गया है कि मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष और सप्लाई चेन में बाधाएं सोने की कीमतों को प्रभावित कर रही हैं। खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य से शिपिंग प्रभावित होने के कारण बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है। हालांकि, मई के बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद जताई गई है।

आगे क्या रहेगा ट्रेंड?

सोने की कीमतों में तेजी के पीछे दो बड़े कारण बताए गए हैं:

  • सुरक्षित निवेश की मांग: वैश्विक तनाव बढ़ने पर निवेशक सोने और चांदी में निवेश बढ़ाते हैं।
  • सट्टेबाजी का प्रभाव: बाजार में निवेशकों की गतिविधियां कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव ला सकती हैं।

गिरावट के भी संकेत

रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि अगर दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाएं महंगाई पर काबू पाने के लिए ब्याज दरें बढ़ाती हैं, तो सोने की मांग घट सकती है। साथ ही, अगर वैश्विक तनाव कम हुआ तो निवेशक अन्य विकल्पों की ओर रुख कर सकते हैं।

आज के ताजा रेट

रिपोर्ट के बाद बाजार में हलचल तेज हो गई है।

  • COMEX पर सोने का जून वायदा करीब 1.53% बढ़कर 4,631 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है।
  • वहीं MCX पर जून कॉन्ट्रैक्ट 1.53% की तेजी के साथ 1,51,337 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है।