अडानी का मेगा पावर मूव: खावड़ा में बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा बैटरी ऊर्जा भंडारण प्लांट
Ahmedabad : अडानी समूह ने मंगलवार को बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (Battery Energy Storage System - BESS) के क्षेत्र में एंट्री की घोषणा करते हुए ऊर्जा क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाया है। समूह गुजरात के खावड़ा में 1,126 मेगावाट/3,530 मेगावाट-घंटा क्षमता वाली विशाल बीईएसएस परियोजना स्थापित करेगा। यह न केवल भारत की सबसे बड़ी, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी एकल-स्थान ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं में से एक होगी।
अडानी समूह के अनुसार, इस अत्याधुनिक सुविधा में 700 से अधिक BESS कंटेनर होंगे, जिन्हें मार्च 2026 तक चालू करने की योजना है। यह परियोजना खावड़ा के विश्व के सबसे बड़े नवीकरणीय ऊर्जा परिसर का हिस्सा होगी। इस सिस्टम की कुल ऊर्जा क्षमता 3,530 मेगावाट-घंटा होगी, जो 1,126 मेगावाट की विद्युत क्षमता को तीन घंटे तक बनाए रख सकेगी।

समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने कहा कि ऊर्जा भंडारण, अक्षय ऊर्जा आधारित भविष्य की आधारशिला है। यह ऐतिहासिक परियोजना भारत की ऊर्जा स्वतंत्रता और स्थिरता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करेगी। हम स्वच्छ, विश्वसनीय और किफायती ऊर्जा समाधान देने की दिशा में एक नया मानक स्थापित कर रहे हैं।
अडानी समूह ने बताया कि वह वित्तीय वर्ष 2026-27 तक अपनी ऊर्जा भंडारण क्षमता को 15 गीगावाट-घंटा और अगले पांच वर्षों में 50 गीगावाट-घंटा तक बढ़ाने का लक्ष्य रखता है। यह कदम भारत के नेट-ज़ीरो और सस्टेनेबिलिटी लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
