अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दूध के दाम, आज से महंगा मिलेगा दूध
नई दिल्ली। Mother Dairy ने दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। कंपनी की नई दरें 14 मई 2026 से लागू हो गई हैं। इससे पहले Amul भी दूध के दाम बढ़ा चुकी है। लगातार बढ़ती खरीद लागत के बीच दोनों बड़ी डेयरी कंपनियों के फैसले से आम उपभोक्ताओं की जेब पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।
मदर डेयरी के प्रवक्ता के मुताबिक, पिछले एक साल में किसानों से दूध खरीदने की लागत में करीब छह प्रतिशत की लगातार बढ़ोतरी हुई है। कंपनी ने कहा कि उपभोक्ताओं पर कम से कम बोझ डालने की कोशिश की गई, लेकिन लागत बढ़ने के कारण कीमतों में संशोधन जरूरी हो गया था। कंपनी का कहना है कि यह बढ़ोतरी पूरी लागत के मुकाबले आंशिक है और इसका उद्देश्य किसानों के हितों तथा उपभोक्ताओं के बीच संतुलन बनाए रखना है।
कंपनी के अनुसार, दूध बिक्री से होने वाली आय का लगभग 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों और दूध खरीद पर खर्च किया जाता है, जिससे किसानों की आजीविका को समर्थन मिलता है और उपभोक्ताओं को लगातार गुणवत्तापूर्ण दूध उपलब्ध कराया जा सकता है। मदर डेयरी ने बताया कि इससे पहले अप्रैल 2025 में दूध की कीमतों में बदलाव किया गया था।
जानिए नई कीमतें
नई दरों के अनुसार, बल्क वेंडेड मिल्क (टोकन मिल्क) का दाम 56 रुपये से बढ़कर 58 रुपये प्रति लीटर हो गया है। फुल क्रीम दूध अब 70 रुपये की जगह 72 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। टोंड मिल्क की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। डबल टोंड मिल्क (लाइव लाइट) अब 52 रुपये के बजाय 54 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं, गाय का दूध 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर और प्रो मिल्क 70 रुपये से बढ़कर 72 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
अमूल ने भी बढ़ाए थे दाम
इससे पहले अमूल इंडिया ने भी दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की घोषणा की थी। नई कीमतें अमूल ताजा, अमूल गोल्ड, अमूल शक्ति, अमूल टी स्पेशल समेत कई प्रमुख वैरिएंट्स पर लागू की गई हैं। अमूल ताजा का 500 मिली पैक अब 29 रुपये और एक लीटर पैक 57 रुपये में मिलेगा। अमूल गाय दूध 500 मिली पैक की कीमत 30 रुपये कर दी गई है, जबकि अमूल शक्ति 500 मिली पैक अब 32 रुपये में उपलब्ध होगा। अमूल टी स्पेशल एक लीटर पैक की कीमत 66 रुपये और अमूल गोल्ड 500 मिली पैक की कीमत 35 रुपये हो गई है। वहीं, अमूल बफेलो मिल्क 500 मिली पैक अब 39 रुपये में मिलेगा।
