Black Friday Sale 2025: जानिए क्यों पड़ा इस धमाकेदार सेल का नाम 'ब्लैक', इतिहास और भारत में बेस्ट डील्स
नई दिल्ली I साल के सबसे बड़े शॉपिंग उत्सवों में शुमार ब्लैक फ्राइडे सेल आज यानी 28 नवंबर 2025 से दुनिया भर में शुरू हो चुकी है। थैंक्सगिविंग के ठीक अगले दिन मनाया जाने वाला यह दिन भारी-भरकम डिस्काउंट्स और लुभावनी डील्स के लिए मशहूर है। भारत में भी अमेजन, फ्लिपकार्ट, मिंत्रा, रिलायंस डिजिटल समेत तमाम ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर ब्लैक फ्राइडे सेल का धमाल देखने को मिल रहा है।
आखिर क्यों कहते हैं 'ब्लैक' फ्राइडे?
ब्लैक फ्राइडे का नाम सुनकर ज्यादातर लोग हैरान हो जाते हैं कि भला छूट और खुशी के दिन को “काला” क्यों कहा जाता है? इसकी शुरुआत 1950 के दशक में अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर से हुई थी। थैंक्सगिविंग के अगले दिन शहर में खरीदारों की भारी भीड़, ट्रैफिक जाम और अफरा-तफरी मच जाती थी। पुलिस वाले इसे व्यंग्य में “ब्लैक फ्राइडे” कहने लगे थे क्योंकि उस दिन ड्यूटी करना उनके लिए सजा जैसा था।
बाद में 1980 के दशक में रिटेलर्स ने इस शब्द को पॉजिटिव अर्थ दे दिया। उनका कहना था कि साल भर “रेड” (घाटे) में रहने वाले उनके अकाउंट इस एक दिन में “ब्लैक” (लाभ) में चले जाते हैं। यानी ब्लैक फ्राइडे वह दिन है जब दुकानदार एक झटके में साल भर का मुनाफा कमा लेते हैं।
भारत में भी छप्परफाड़ डिस्काउंट
पहले सिर्फ अमेरिका-यूरोप तक सीमित यह सेल अब ग्लोबल हो चुकी है। भारत में पिछले कुछ सालों से ब्लैक फ्राइडे का क्रेज जबरदस्त बढ़ा है। इस बार भी प्रमुख प्लेटफॉर्म्स ने 80% तक की छूट का ऐलान किया है:
- स्मार्टफोन: iPhone 16 सीरीज, Samsung Galaxy S24, OnePlus 13R पर 20-40% डिस्काउंट
- लैपटॉप और इलेक्ट्रॉनिक्स: 70% तक की छूट
- फैशन और ब्यूटी: Myntra, AJIO पर 50-90% ऑफ
- होम एप्लायंसेज: फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एसी पर भारी डिस्काउंट + नो-कॉस्ट EMI
टिप: स्मार्ट शॉपिंग करें
विशेषज्ञों का कहना है कि ब्लैक फ्राइडे पर कई बार पुराने स्टॉक को ऊंचे MRP दिखाकर छूट का लालच दिया जाता है। इसलिए खरीदारी से पहले प्रोडक्ट की असली कीमत चेक करें, पिछले कुछ हफ्तों का प्राइस हिस्ट्री देखें और जरूरत की ही चीजें खरीदें।
