Movie prime

फॉर्च्यून सनफ्लावर ऑयल का सैंपल लैब टेस्ट में फेल, घटिया गुणवत्ता पर FSSAI ने कंपनी पर लगाया जुर्माना
 

 
 फॉर्च्यून सनफ्लावर ऑयल का सैंपल लैब टेस्ट में फेल, घटिया गुणवत्ता पर FSSAI ने कंपनी पर लगाया जुर्माना
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और लेबलिंग मानकों के उल्लंघन के मामलों में सख्त कार्रवाई की है। नियामक ने AWL एग्री बिजनेस लिमिटेड पर घटिया गुणवत्ता वाले फोर्टिफाइड सनफ्लावर कुकिंग ऑयल के निर्माण और बिक्री के मामले में जुर्माना लगाने का आदेश पारित किया है। वहीं, Pai Foods को उसके दो मोंक फ्रूट आधारित स्वीटनर उत्पादों की बिक्री तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया गया है।

फोर्टिफाइड सनफ्लावर ऑयल का सैंपल जांच में फेल

FSSAI के अनुसार, 'फॉर्च्यून फ्रायोला रिफाइंड सनफ्लावर सीड ऑयल' (1 लीटर) का एक सैंपल गोवा स्थित ताज फोर्ट अगुआड़ा रिजॉर्ट एंड स्पा से लिया गया था। प्राथमिक खाद्य प्रयोगशाला में जांच के दौरान यह सैंपल FSS (Fortification of Foods) Regulations, 2018 में निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।

जांच में तेल में विटामिन A और विटामिन D की मात्रा निर्धारित सीमा से कम पाई गई। इसके बाद उत्पाद को घटिया गुणवत्ता वाला घोषित किया गया।

कंपनी की ओर से अपील किए जाने के बाद सैंपल को रेफरल लैब में दोबारा जांच के लिए भेजा गया। इस जांच में भी विटामिन D की मात्रा निर्धारित मानक से काफी कम होने की पुष्टि हुई।

इसके बाद FSSAI ने AWL एग्री बिजनेस लिमिटेड पर जुर्माना लगाने का आदेश जारी किया। हालांकि, नियामक की ओर से जुर्माने की राशि की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

क्या होता है फोर्टिफाइड सनफ्लावर ऑयल?

फोर्टिफाइड सनफ्लावर कुकिंग ऑयल में सामान्य सूरजमुखी तेल के अलावा विटामिन A और विटामिन D जैसे आवश्यक पोषक तत्व निर्धारित मानकों के अनुसार मिलाए जाते हैं। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को अतिरिक्त पोषण उपलब्ध कराना है। ऐसे उत्पादों में पोषक तत्वों की निर्धारित मात्रा बनाए रखना खाद्य सुरक्षा मानकों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

Pai Foods के दो मोंक फ्रूट उत्पादों पर भी कार्रवाई

इसी कार्रवाई के तहत FSSAI ने Pai Foods को उसके दो उत्पादों—'Monk Fruit Extract Sweetener' और 'Monk Fruit Sweetener Drops'—की बिक्री तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया है।

नियामक के मुताबिक, इन उत्पादों पर कार्रवाई लेबलिंग मानकों के उल्लंघन के चलते की गई है। FSSAI ने कंपनी को निर्देश दिया है कि वह मोंक फ्रूट एक्सट्रैक्ट वाले इन उत्पादों की बिक्री तुरंत बंद करे और आवश्यक अनुमोदन हासिल करने के साथ वैध लाइसेंस प्राप्त करे।

FSSAI ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि इन उत्पादों की बिक्री को लेकर कंपनी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है।

क्या है Monk Fruit?

मोंक फ्रूट मुख्य रूप से चीन में पाया जाने वाला एक फल है। इसके अर्क का इस्तेमाल कम कैलोरी वाले स्वीटनर के रूप में किया जाता है। हालांकि, खाद्य उत्पादों में इसके इस्तेमाल और बिक्री के लिए संबंधित नियामकीय मानकों और अनुमोदनों का पालन करना जरूरी है।