Movie prime

शादी के सीजन में सोना-चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, खरीदारों की बढ़ी टेंशन

 
शादी के सीजन में सोना-चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, खरीदारों की बढ़ी टेंशन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली I शादी-ब्याह के पीक सीजन में सोने और चांदी की कीमतों ने खरीदारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोमवार को चांदी ने नया ऑल-टाइम हाई छू लिया, जबकि सोने के भाव में भी भारी उछाल देखने को मिला।

आज सुबह शुरुआती कारोबार में 5 फरवरी 2026 डिलीवरी वाला सोना 1,300 रुपये से ज्यादा चढ़कर 1,30,794 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था। हालांकि बाद में कुछ नरमी आई और यह 0.89% की तेजी के साथ 1,28,010 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। यानी पिछले बंद भाव से 1,127 रुपये महंगा।

चांदी ने तो सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। 5 फरवरी डिलीवरी वाली चांदी आज 1,77,858 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली और शुरुआती कारोबार में ही 3,668 रुपये की छलांग लगाते हुए 1,78,649 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई – यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। फिलहाल यह 2,063 रुपये की तेजी के साथ 1,73,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही है।

क्यों भाग रहे हैं सोना-चांदी के दाम?

- अमेरिकी डॉलर में भारी कमजोरी आई है, जिससे वैश्विक निवेशक सोने-चांदी की ओर भाग रहे हैं।

- अमेरिकी फेडरल रिजर्व से ब्याज दरों में कटौती की मजबूत उम्मीद बनी हुई है।

- भारतीय रुपया आज डॉलर के मुकाबले अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया, जिससे आयातित सोने-चांदी की कीमत और बढ़ गई।

शादी-ब्याह के इस सीजन में ज्वेलरी की भारी मांग के बीच कीमतों में यह तेजी खरीदारों के लिए बड़ा झटका बनकर आई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर डॉलर में कमजोरी और रुपये की गिरावट का यह सिलसिला जारी रहा तो निकट भविष्य में सोना-चांदी और महंगे हो सकते हैं।